Latest

प्रधान को थाने बैठाया तो समर्थकों ने किया हंगामा

जमीनी विवाद के मामले में आपसी सहमति के बाद छोड़ा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जमीन विवाद में क्षेत्र के बरवा ग्राम प्रधान को थाने बैठाया तो समर्थकों ने मेजा रोड चौराहे पर जाम लगा कर हंगामा किया। बाद में आपसी सहमति के आधार पर दोनों पक्षों के लोगों को छोड़ दिया गया। मामले को लेकर गांव में अब भी दो गुटों के बीच तनाव का माहौल है।
मेजा के बरवा गांव के प्रधान योगेश कुमार मिश्र उर्फ बड़कऊ एवं पट्टीदार विपुल मिश्रा के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। रविवार को मेड़ बांधने को लेकर दोनों पक्ष आपस में भीड़ गए। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों से ईंट पत्थर चलने लगे। इसमें दोनों तरफ से तीन लोगों को मामूली चोट आई। घटना की सूचना पर पहुंची मेजा पुलिस ने ग्राम प्रधान योगेश कुमार मिश्र, विपुल मिश्र सहित चार लोगों को मौके पर उठाकर थाने ले गई।
उधर, ग्राम प्रधान को थाने में बैठाने की सूचना के बाद उनके दर्जनों समर्थकों ने मेजा रोड चौराहे पर हाईवे को सांकेतिक रूप से जाम कर दिया। समर्थकों में कुछ आदर्श रामलीला समिति के लोग भी शामिल रहे, वह रामलीला के पात्र को थाने ले जाने पर नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। समिति के प्रमोद कुमार मिश्र का कहना था कि मेजा पुलिस ने मनमानी करते हुए प्रधान व रामलीला के पात्रों को उठा लिया है। थोड़ी देर के बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद सभी को छोड़ दिया गया। घटना को लेकर अब भी गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button