Latest

संगम नगरी पहुंची भारत दर्शन ट्रेन स्लीपर श्रेणी की इस गाड़ी में 480 तीर्थ यात्री सवार

( विनय कुमार मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । अनलॉक-5 में पर्यटन सेवाएं शुरू हो गई है। सोमवार को इंडियन रेलवे कैटरिग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से चलाई गई 002769 भारत दर्शन ट्रेन 11 नवंबर को तिरुनेलवेली (तमिलनाडु) से रवाना हुई। यह गाड़ी गया, वाराणसी दर्शन कराते हुए सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रयागराज संगम स्टेशन पहुंची। रेलवे स्टेशन के बाहर लगी 10 बसों से यात्रियों को संगम पर पहुंचाया गया। यहां यात्रियों ने स्नान कर दान पुण्य किया। इसके बाद इन्हीं बसों से यात्रियों को स्टेशन पहुंचाया गया। साढ़े तीन बजे ट्रेन यहां से रवाना हुई। यह गाड़ी जबलपुर, सतना व इटारसी होते हुए 18 नवंबर को तिरुनेलवेली पहुंचेगी। कुल आठ दिन और सात रात का पैकेज का किराया 7573 रुपया है। पैकेज में नाश्ता, दोपहर तथा रात का भोजन, स्थानीय बसों से यात्रा तथा धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था आदि शामिल है।

पिछली बार कोरोना काल के पहले फरवरी में इस ट्रेन से यात्री आए थे। यात्रियों ने संगम स्नान के अलावा आनंद भवन, लेटे हनुमान मंदिर व श्रृंगवेरपुर धाम का दर्शन कराया गया था। लेकिन, इस बार कोविड-19 की वजह से सतर्कता बरतने के उद्देश्य से नहीं गए। 12 कोच की गाड़ी में यात्रा के दौरान किसी शख्स में कोरोना के लक्षण दिखने पर उसे क्वारंटाइन करने के लिए क्वारंटाइन कोच रिजर्व किया गया है। स्लीपर श्रेणी की इस गाड़ी में कुल 480 यात्री आए। सभी कोच को समय-समय पर सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा एक दिन में चार बार यात्रियों का तापमान भी मापा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button