डिप्टी सीएम ने रखी बक्शी बांध फ्लाई ओवर की नींव

53 करोड़ की लागत से बनेगा 800 मीटर लंबा फ्लाई ओवर
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बक्शी बांध स्थित दो रेलवे क्रॉसिग पर बनने वाले फ्लाईओवर की नींव बुधवार को रखी गई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के साथ ही यहां निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बक्शी बांध पर दो रेलवे क्रॉसिंग है। इसमें एक लाइन प्रयाग जंक्शन से प्रयागराज जंक्शन और दूसरी प्रयाग से प्रयागराज संगम जंक्शन की है। प्रयाग से प्रयागराज संगम जंक्शन वाली लेन पर ट्रेनों का दबाव अधिक है, जिस कारण दिन में कई बार यहां रेलवे क्रासिग को बंद करना पड़ता है। लोग जाम में फंसे रहते हैं।
सेतु निगम के इंजीनियर आरके सिंह ने बताया कि बक्शी बांध फ्लाई ओवर 800 मीटर लंबा होगा। इसे बक्शी बांध से हाशिमपुर चौराहे तक बनाया जाएगा। इसके लिए 53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फ्लाई ओवर निर्माण के लिए रुपये भी स्वीकृत हो गए हैं। भूमि पूजन के बाद यहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए दो दिन से तैयारी चल रही थी और मंगलवार देर शाम इसे अंतिम रूप दिया गया।
फ्लाई ओवर बनने के बाद लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। बक्शी बांध, दारागंज, बक्शी खुर्द समेत कई मुहल्ले के लोगों को जाम के साथ ही आवागमन में भी लाभ मिलेगा। दारागंज की तरफ जाने वाले लोगों को चक्कर लगाकर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि फ्लाई ओवर पार करने के बाद बक्शी बांध होते हुए वह दारागंज इलाके में पहुंच जाएंगे। इसी प्रकार उधर से आने वाले लोग भी हाशिमपुर चौराहें से टैगोर टाउन, अल्लापुर, बालसन चौराहे तक आराम से पहुंचेंगे।



