दो साल पहले फरार कैदी गिरफ्तार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सेंट्रल जेल नैनी से 19 अगस्त 2018 को फरार हुए शातिर अपराधी राजू बसोर को नैनी पुलिस ने शुक्रवार को बांध रोड अरैल से गिरफ्तार कर लिया। राजू बसोर इटावा जिले के सहसों थानाक्षेत्र के सिंडौस गांव का रहने वाला है। उसे हत्या व दुराचार के मामले में पहले फांसी की सजा हुई थी, जो बाद मे आजीवन कारावास में बदल गई।
राजू बसोर दो वर्ष पूर्व 19 अगस्त को जेल अफसरों को चकमा देकर फरार हो गया था जिसके बाद से उसपर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। शुक्रवार को नैनी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर दारोगा सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल रामशरण वर्मा, कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव व सुभाष कुमार के संग घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर नैनी जितेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपी बांध रोड से कहीं भागने की फिराक में था, जिस दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से पांच देशी बम बरामद हुए है।


