छात्राओं से छेडख़ानी, छात्रों के दो गुट भिड़े एसपीएम पीजी कॉलेज में मारपीट और हंगामा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय पीजी कॉलेज (एसपीएम) में मारपीट और हंगामा हुआ। प्रवेश के दौरान छात्राओं से छेडख़ानी के बाद छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई। काफी मशक्कत के बाद प्रबंधन ने मामला शांत कराया। स्थानीय लोगों ने भी मामला शांत कराने के लिए हस्तक्षेप किया। हालांकि पुलिस में किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गई।
हंगामे की वजह से महाविद्यालय में काफी देर तक प्रवेश प्रक्रिया रुकी रही। शनिवार को एसपीएम में बड़ी संख्या में छात्राएं भी बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पहुंची थीं। इसी बीच कुछ छात्र दाखिले की खिड़की के पास पहुंचे और छात्राओं पर भद्दे कमेंट करने लगे। छात्राओं ने उन्हें नजरंदाज किया तो मनबढ़ छात्रों ने छेडख़ानी शुरू कर दी। छात्राओं ने इसका विरोध किया तो कुछ छात्र व अभिभावक भी पहुंचे और बहस होने लगी।
कुछ ही देर में मामला बढ़ा तो हाथापाई के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य कंचन यादव ने कहा कि मारपीट और छेडख़ानी नहीं हुई। कुछ छात्रों ने हूटिंग की थी। जिसे शांत करा दिया गया।




