Latest

समरस समाज के निर्माण में जुटे स्वयंसेवक: भागवत

बोले संघ प्रमुख, समाज के लिए 24 घंटे बनाए रखें अपनी उपलब्धता

कहा, बेरोजगारों को स्वरोजगार से जोड़ें, बस्तियों में बढ़ाएं सेवाकार्य

आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का आगाज

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत प्रयागराज के गौहनिया में हुई। रविवार को उद्घाटन सत्र में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने पदाधिकारियों को संदेश दिया कि स्वयंसेवकों को समरसता से परिपूर्ण समाज के निर्माण में लगाएं। दूरगामी योजनाओं को लेकर आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वयंसेवक खुद को समाज के लिए समर्पित कर दें।
जिला मुख्यालय से करीब 28 किमी दूर गौहनिया में वशिष्ठ वात्सल्य पब्लिक स्कूल में संघ की बैठक में रविवार को चार सत्रों में चर्चा हुई। इसमें आरएसएस के काशी, कानपुर, अवध और गोरक्ष प्रांत के 31 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कोविड काल में चारों प्रांतों की तरफ से किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा बारी-बारी से की गई। संघ प्रमुख ने स्वयंसेवकों को चौबीसों घंटे समाज के लिए उपलब्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कोरोना काल में उपजी बेरोजगारी के समाधान का भी तरीका सुझाया है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा है कि स्वयंसेवकों के माध्यम से बेरोजगारों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कराएं। उन्हें कुटीर उद्योग के लिए प्रेरित करें और जहां जैसी आवश्यकता हो सामथ्र्य के अनुसार मदद करें। अनुसूचित जाति व जनजाति से जुड़े लोगों के हो रहे धर्मांतरण को लेकर भी संघ की चिंता बढ़ी है। कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ प्रमुख ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि धर्मांतरण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनुसूचित जाति व जनजाति की बस्तियों में सेवाकार्य को तेज किए जाए।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संघ को समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाकार्य में अधिकाधिक जोडऩे पर बल दिया। देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए स्वयंसेवकों से अपील की है कि वे अपनी जीवनशैली और व्याप्तता को समाज की जरूरतों के अनुसार तय करें। बैठक में सर कार्यवाह भैयाजी जोशी, सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल, दत्तात्रेय होसबोले, डॉ. मदनमोहन, मुकुंद के अलावा अखिल भारतीय अधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी, अनिल ओक व अजीत महापात्रा के अलावा चारों चारों प्रांत के प्रांत प्रचारक, प्रांत कार्यवाह, प्रांत संघचालक आदि शामिल रहे।

इनसेट….

पर्यावरण के अनुरूप व्यवहार का संदेश

प्रयागराज। आरएसएस अपनी बैठक के जरिए पर्यावरण के अनुरूप व्यवहार करने का संदेश भी दे रहा है। वृक्षों, वनस्पतियों एवं सुवासित पुष्पों की क्यारियों से सुसज्जित बैठक स्थल में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भोजन, जलपान एवं पानी के लिए प्लास्टिक मुक्त बर्तन का प्रयोग किया गया है। परिसर में बैनर या मंच सज्जा में कागज एवं कपड़े का प्रयोग किया है। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी के अनुसार परिसर का प्लास्टिक मुक्त कार्यक्रम जहां संघ की कथनी व करनी की एकरूपता को सिद्ध करता है, वहीं समाज को यह संदेश दे रहा है कि निजी व सार्वजनिक कार्यक्रमों में पर्यावरण के अनुरूप व्यवहार करना ही लाभदायक है।

इनसेट….

संघ प्रमुख से मिले योगी आदित्यनाथ

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत से रविवार की शाम शिष्टाचार भेंट करने पहुंचे। गौहनिया स्थित वशिष्ठ वात्सल्य स्कूल में चल रही संघ की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रविवार दोपहर बाद राजकीय विमान से बमरौली और वहां से शाम 4.15 से 4.30 बजे के बीच बैठक स्थल पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। वहां से योगी सीधे मोहन भागवत से मिलने पहुंचे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने मोहन भागवत और सरकार्यवाह भैयाजी जोशी से तकरीबन एक घंटे वार्ता की और कुशलक्षेम जाना। यह शिष्टाचार भेंट थी। मोहन भागवत इससे पहले 2019 के कुंभ में जब आए थे, तब भी मुख्यमंत्री मिलने गए थे।

इनसेट….

मंत्रणा में शामिल होंगे चंपत राय

प्रयागराज। आरएसएस अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल (पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र) की बैठक में दूसरे दिन सोमवार को अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी मंत्रणा में शामिल होने के लिए रविवार रात श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव व विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय भी प्रयागराज पहुंच गए। वह करीब आठ बजे आए। विहिप के केंद्रीय संगठन मंत्री विनायक राव देशपांडेय भी मंत्रणा में शामिल होंगे। वह सोमवार सुबह प्रयागराज पहुचेंगे।

Related Articles

Back to top button