मास्क न पहनने पर दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मुचलका भरने के बाद छोड़ा गया, चार हजार लोगों का चालान

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में करने के लिए हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सोमवार को पुलिस ने पूरे जिले में मास्क नहीं लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। सिविल लाइंस में दारोगा गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में चेतावनी देते हुए मुचलके पर छोड़ दिया गया। शाम से लेकर रात तक करीब चार हजार से अधिक लोगों का चालान किया गया।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस ने दूसरे जिले से भी फोर्स मंगा ली है। पिछले कुछ दिनों से प्रत्येक दो-दो किलोमीटर पर पुलिसकर्मी कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए मास्क नहीं लगाने वालों की जांच कर रहे हैं। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। सोमवार शाम एडीजी, आईजी, एसएसपी और एसपी सिटी समेत सभी अधिकारी सड़क पर उतर आए और मास्क न लगाने वालों की जांच शुरू कराई।
सुभाष चौराहे पर जांच के दौरान ही दूसरे जिले में तैनात दारोगा गौरव बिना नंबर की बाइक से उधर पहुंच गए। तभी एडीजी की नजर पड़ गई तो उन्होंने रोक लिया। फिर दारोगा को थाने भिजवाकर महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा लिखकर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि कुछ घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि दारोगा की गाड़ी को सीज कर दिया गया है। बाइक दूसरे की बताई जा रही है। शहर की तरह ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस ने कोरोना संक्रमण को लेकर सख्ती से जांच की। दारोगा के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर विभाग में ही तरह-तरह की चर्चा है।



