130 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी प्रयागराज एक्सप्रेस

पिछले चार दशकों में इस ट्रेन ने हासिल किए कई मील के पत्थर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज और नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस को सुविधा, सेवा और परिचालन के स्तर पर उम्दा ट्रेन का दर्जा हासिल है। यहां से दिल्ली जाने या दिल्ली से वापस लौटने के लिए प्रयागराज एक्सप्रेस यात्रियों की पहली पसंद में शामिल होती है। टाइमिंग, मेंटीनेंस और साफ-सफाई के साथ ही इस ट्रेन ने कई मामलों में पूरे भारतीय रेल में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं जिसके चलते यह ट्रेन उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) की धरोहर बन गई है।
अभी विशेष गाड़ी के रूप में संचालित हो रही 02417-18 प्रयागराज एक्सप्रेस देश में 24 एलएचबी कोचों वाली पहली ट्रेन होगी जो बुधवार, 25 नवंबर से 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से संचालित होगी। प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन 16 जुलाई वर्ष 1984 से शुरू हुआ था। तब से यह ट्रेन प्रयागराज से नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले मुसाफिरों को गुणवत्तापूर्ण यात्रा का अनुभव प्रदान कर रही है। पिछले चार दशकों में इस ट्रेन ने कई मील के पत्थर हासिल किए हैं जिसे भारतीय रेलवे की अग्रणी मानी जाने वाली राजधानी, शताब्दी जैसी ट्रेनें भी हासिल नहीं कर सकी हैं।
इस ट्रेन के संचालन की शुरूआत 17 वैक्यूम ब्रेक वाले लाल रंग के डिब्बों के साथ हुई थी। वर्ष 2003 में इसको 24 कोच की करने के साथ नीले रंग के डिब्बों के संग एयरब्रेक सुविधायुक्त कर दिया गया। 16 दिसंबर 2016 को इस ट्रेन को अत्याधुनिक एलएचबी कोच से युक्त किया गया। शुरूआत 21 कोचों से हुई जिसे 18 दिसंबर तक बढ़ाकर 22 कोच कर दिया गया। 15 मई 2017 से 23 कोच और दो सितंबर 2019 से 24 कोचों के साथ संचालित होने लगी।



