Latest

डॉ. सुजीत एएमए के अध्यक्ष निर्वाचित

 

अब शुरू होगा डॉ. मदनानी का कार्यकाल

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) का चुनाव परिणाम आ गया। डॉ. सुजीत कुमार सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुए जबकि डॉ. राजेश मौर्या ने हैट्रिक मारते हुए तीसरी बार सचिव पद की अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे। इसी तरह वित्त सचिव के पद डॉ. युगांतर पांडेय दूसरी बार उसी पद विजयी रहे। सोमवार को देर शाम तक मतगणना का दौर चलता रहा। इस चुनाव में महिला डॉक्टरों की भी सहभागिता रही।
डॉक्टरों का महत्वपूर्ण संगठन एएमए का वार्षिक चुनाव रविवार को म्योहॉल चौराहा स्थित एएमए भवन में संपन्न कराया गया था। 1245 में करीब 890 मतदाताओं ने मतदान किया था। दो गुटों की लड़ाई में चुनाव परिणाम मिला-जुला रहा। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिसमें दो महिला डॉक्टर भी थीं। इसमें डॉ. सुजीत ने 563 मत पाकर अध्यक्ष पद की कुर्सी अपने नाम कर ली। वह अगले साल के लिए अध्यक्ष चुने गए हैं। इन्होंने अपने प्रतिद्वंदी डॉ. रंजना खन्ना को 302 मत से हरा दिया। इसी पद पर डॉ. नीता साहू भी चुनाव लड़ रही थीं जिन्हें महज 28 मत पाकर संतोष करना पड़ा।
इसी तरह सचिव पद पर डॉ. राजेश मौर्या ने 511 मत पाकर डॉ. प्रकाश खेतान को हराया। डॉॅ. खेतान को 326 मत मिले थे, ऐसे में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वित्त सचिव पद पर डॉ. युगांतर पांडेय व डॉ. अनुज गुप्ता के बीच भी कांटे की टक्कर रही। डॉ. युगांतर 442 मत पाकर इसी पद पर दूसरी बार काबिज हुए। उनके प्रतिद्वंदी डॉ. अनुज गुप्ता 420 मत हासिल किए लेकिन महज 22 मत से उन्हें हार स्वीकार करना पड़ा।
एएमए के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए एक साल पहले ही चुनाव करा लिया जाता है। डॉ. मदनानी पिछले वर्ष ही अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल अब शुरू होने जा रहा है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह का कार्यकाल इनके बाद यानी अगले साल के लिए शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button