खुद मकान तोडऩे लगे गृहस्वामी पीडीए के समक्ष अतिक्रमण सबसे बड़ी बाधा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सड़कों के चौड़ीकरण कार्य में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के समक्ष सबसे बड़ी बाधा अतिक्रमण हटाने की है। पंद्रह सड़कों के चौड़ीकरण काम में सैकड़ों लोगों के मकान कार्रवाई की जद में हैं। विरोध को देखते हुए ये काम और कठिन हो गया है। इस काम को आसान बनाने के लिए पीडीए लोगों को खुद अपने अतिक्रमण हटाने के लिए दबाव बना रहा है। पन्नालाल रोड से इसकी शुरूआत भी हो गई है। इस मार्ग पर करीब आधा दर्जन लोग खुद अपने अतिक्रमण को तोडऩे में लगे हुए हैं। ये काम भवन स्वामियों और पीडीए दोनों के लिए मुफीद है। कुछ लोगों ने खुद अतिक्रमण तोडऩे की अर्जी भी दी है।
विकास प्राधिकरण जेसीबी लगाकर अतिक्रमण तोड़ता है तो घर के अन्य हिस्सों के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर ऐसा देखा गया है कि अतिक्रमण तोडने के दौरान पास के मकानों में भी दरारें पड़ जाती हैं। पीडीए के जोनल अधिकारी एके पांडेय का कहना है कि अतिक्रमण के दायरे में आने वाले लोग अगर आवेदन देकर अपने संसाधनों से अतिक्रमण हटवाते हैं तो इसके लिए उन्हें पीडीए को कोई शुल्क नहीं देना होगा।




