Latest

आठ बंदियों में पाया गया कोरोना संक्रमण

नैनी केन्द्रीय कारागार में पांव पसार रहा वायरस

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नैनी केन्द्रीय कारागार में कोरोना वायरस एक बार फिर पांव पसारने लगा है। विचाराधीन और सजायाफ्ता आठ बंदियों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। जेल प्रशासन में खलबली मची है। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जेल प्रशासन पूरी एहतियात बरत रहा है। साथ ही एक बार फिर सभी बंदियों और कर्मचारियों की कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कोरोना संक्रमण से पीडि़त बंदियों को जेल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है।
इस साल जून और जुलाई महीने में नैनी जेल के भीतर कैदियों के बीच कोरोना संक्रमण की स्थिति काफी चिंताजनक हो गई थी। डेढ़ सौ से ज्यादा विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदी इसकी चपेट में आ गए थे। संक्रमण को देखते हुए जेल प्रशासन ने बंदियों और कर्मचारियों की कोरोना वायरस की जांच करवाई थी। साथ ही नए बंदियों को अतिरिक्त जेल में आइसोलेट कराने के बाद मुख्य जेल में भेजा जाने लगा था। काफी प्रयास के बाद कोरोना वायरस का संक्रमण थम सका था।
पिछले सप्ताह से विचाराधीन और सजायाफ्ता को मिलाकर आठ बंदियों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। इन सभी को जेल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। उनके लिए अलग से स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है। इन बंदियों को दोपहर में धूप सेकने को कहा गया है। साथ ही उन्हें गरम पानी और काढ़ा दिया जा रहा। जेल के चिकित्सक और अधिकारी उन पर बराबर नजर रख रहे हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जेल प्रशासन एक बार फिर सभी कैदियो और कर्मचारियों का एंटीजन टेस्ट करा रहा है। अभी तक 40 फीसदी बंदियों और कर्मचारियों का एंटीजन टेस्ट हो चुका है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडे का कहना है कि कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए पूरे एहतियात बरते जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button