एसआरएन में होगी मंडल की पहली बर्न यूनिट

( अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मंडल की पहली बर्न यूनिट एसआरएन अस्पताल में होगी। यहां आग से झुलसे मरीजों का उपचार व सर्जरी अत्याधुनिक मशीनों से की जाएगी। इसके अलावा डॉक्टर यहां मरीजों की काउंसिलिंग भी करेंगे। अस्पताल परिसर में पीएमएसएसवाई भवन के सामने इसका निर्माण किया जा रहा है। इस यूनिट के स्थापित होने के बाद सिर्फ मंडल के जिलों ही नहीं बल्कि चित्रकूट व मध्य प्रदेश के मरीजों को भी राहत मिलेगी। एसआरएन में बर्न यूनिट लंबे समय से प्रस्तावित है। अब इसके लिए शासन ने दो करोड़ 90 लाख रुपए मंजूर कर दिए हैं। इस बर्न यूनिट की खासियत यह होगी कि यहां मरीजों के उपचार के साथ उनकी सर्जरी भी होगी। इसके अलावा अस्पताल के मनोचिकित्सक मरीजों की काउंसिलिंग भी करेंगे। जिससे झुलसने के बाद मरीज के गिरे मनोबल को दोबारा बढ़ाया जा सके। बर्न यूनिट के इंचार्ज डॉ मोहित जैन के अनुसार, आग से झुलसे मरीजों का उपचार, सर्जरी व काउंसिलिंग एक ही छत के नीचे होगी।
*छह बेड का आईसीयू, 18 बेड का जनरल वार्ड*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। डॉ. मोहित जैन के अनुसार, बर्न यूनिट में छह बेड का आईसीयू अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होगा। वहीं जनरल वार्ड में 18 बेड होंगे। यहां अलग से डॉक्टर व स्टाफ होगा। दो मंजिला भवन पूरी तरह से आधुनिक स्तर पर बनाया जा रहा है। वर्तमान में अस्पताल में 11 बेड का वार्ड आग पीडितों के लिए है। ऑपरेशन के लिए उन्हें दूसरे स्थान पर शिफ्ट करना पड़ता है।


