दूल्हा के घर बारात लाई दुल्हन, रचाई शादी
आजमगढ़ से 11 कारों के काफिले संग आई बरात
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फूलपुर थाना क्षेत्र के गुलचपा गांव में एक अनोखी शादी हुई है। पढ़ाई के दौरान जिस लड़के से प्यार किया, उससे शादी करने के लिए आजमगढ़ की एक युवती बरात लेकर प्रेमी के घर पहुंच गई। उससे शादी रचाई और ससुराल में रुक गई।
आजमगढ़ के अतरौलिया बाजार निवासी हरीलाल की बेटी आराधना कुछ वर्ष पहले फूलपुर क्षेत्र के एक विद्यालय से बीटीसी कर रही थी। उसी दौरान उसे गुलचपा गांव के गुलाबचंद से प्यार हो गया। परिजनों को इस बात का पता चला तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की लेकिन आराधना गुलाबचंद से शादी के लिए अड़ी रही। गुरुवार को आराधना ने आजमगढ़ से बाकायदा 11 कारों के काफिले से 55 बरातियों के साथ गुलचपा पहुंच गई।
गुलाबचंद्र के घर वह बरात लेकर पहुंची तो गांव के लोग भी भौचक रह गए। बरात पहुंचने पर लड़के पक्ष के लोगों ने विवाह के लिए राजी हो गए। आनन-फानन में शादी की तैयारी की गई। पंडित बुलाए गए। इसी दौरान बरातियों का स्वागत हुआ, उनका मुंह मीठा कराया गया। फिर जयमाल हुआ। तत्पश्चात रात में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। दुल्हन बनी आराधना अपने ससुराल में ही रुक गई।




