माघ मेला: 403 पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट
बाहर से आने वालों पर स्पेशल टॉस्क फोर्स की नजर
( अनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना 19 के खतरे को देखते हुए माघ मेला पुलिस सतर्क है। मेला ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों की बिना कोरोना जांच के आमद नहीं की जा रही है। बिना जांच कराए आए 403 पुलिसकर्मियों का माघ मेला पुलिस कोरोना टेस्ट करा चुकी है। जिन पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अपनी निगरानी में रखा है। बाहर से आने वालों पर स्पेशल टॉस्क फोर्स की नजर है।
माघ मेला में लगभग पांच हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है। जिसमें सिविल पुलिस के अलावा, पैरामिलिट्री और होमगार्ड के जवान भी शामिल हैं। माघ मेला पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले पुलिसकर्मियों को कोरोना टेस्ट कराकर आने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए सभी जिलों के पुलिस कप्तान को खत भी भेजा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट देखने के बाद ही आमद दर्ज की जा रही है। जो दरोगा, सिपाही, होमगार्ड और फालोवर बिना जांच कराए आए, उसकी जांच माघ मेला में ही कराई जा रही है। अब तक 403 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है। बताया जा रहा है कि पांच जनवरी से 10 जनवरी के बीच बाहर से आने वाली पूरी फोर्स आ जाएगी।



