Latest

इविवि में शुरू होगी शिक्षक भर्ती: संजय धोत्रे

 

कहा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक-छात्र अनुपात असंतोषजनक

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सभी पुराने विश्वविद्यालयों की शाख व शिक्षण व्यवस्था बनाए रखना हमारे लिए अहम है। नई शिक्षा नीति आ गई है और जल्द ही उसे इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लागू किया जाएगा। यह बातें केन्द्रीय शिक्षा, संचार तथा इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री संजय शामराव धोत्रे ने कहीं। प्रयागराज दौरे पर पहुंचे संजय धोत्रे ने इविवि के नार्थ हॉल में शिक्षकों संग विश्वविद्यालय में हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि इविवि में छात्र-शिक्षक अनुपात संतोषजनक नहीं है। साथ ही जोर देकर कहा कि इविवि में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इविवि से निकली नामचीन हस्तियों को याद करते हुए उम्मीद जतायी कि छात्र यहां की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
इविवि के पूर्व कुलपति प्रो. रतनलाल हांगलू पर लगे आरोप और चल रही जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो हुआ वह इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के लिए अच्छा नहीं था। जांच प्रक्रिया चल रही है। इंतजार करिए। इविवि की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था पर संतोष जताते हुए संजय धोत्रे ने उम्मीद जतायी कि इविवि की वर्तमान कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय आगे बढ़ेगा। सीनेट हॉल में लगी घड़ी की बदहाली पर उन्होंने कहा कि यह हमारी विरासत है और इस पुरातात्विक विरासत को पहचान बनाए रखने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। इविवि से पूर्व वे ट्रिपलआईटी भी गए।

Related Articles

Back to top button