Latest

इविवि: सत्ता बदली तो बदले गए सिपहसालार

 

नवनियुक्त कुलपति ने किए प्रशासनिक पदों पर बड़े बदलाव

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सत्ता बदली तो सिपहसालार भी बदल गए। जी हां, इलाहाबाद विश्वविद्यालय की नवनियुक्त कुलपति प्रो.संगीता श्रीवास्तव ने चार्ज ग्रहण करने के पांचवें दिन शुक्रवार को प्रशासनिक पदों पर बड़े बदलाव किए हैं।
इविवि में लीगल सेल का प्रभार संभाल रहे जेके इंस्टीयूट के प्रो. राजीव सिंह के स्थान पर विधि विभाग की डॉ. सोनल शंकर को प्रभार सौंपा गया है। वहीं, रिटायर प्रो. राकेश खन्ना को सलाहकार नियुक्त किया गया है। विधि अधिकारी पीयूष मिश्र को दोनों लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर इविवि के हित में बेहतर कार्य करने का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. धनंजय यादव को फैकल्टी रिक्रूटमेंट सेल (एफआरसी) का निदेशक और समाजशास्त्र विभाग के प्रो. आशीष सक्सेना को सहायक निदेशक नियुक्त किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के प्रो. जेए अंसारी को यूजीसी-एचआरडीसी का निदेशक बनाया गया है।
प्रो. प्रशांत अग्रवाल के स्थान पर राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. पंकज कुमार को डीन कॉलेज डेवलपमेंट (डीन सीडीसी) की जिम्मेदारी दी गई है। प्रो. अग्रवाल से पहले प्रो. पंकज कुमार ही डीन सीडीसी रहे हैं। प्राचीन इतिहास विभाग के प्रो. हर्ष कुमार को सेंटर ऑफ फिल्म एंड थिएटर और जर्नलिज्म एंड मॉस कम्युनिकेशन विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बॉयोकेमेस्ट्री विभाग के प्रो. सैयद इब्राहिम रिजवी को डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट का प्रभार दिया गया है। सभी को तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

इनसेट…

प्रो. सुनीत द्विवेदी बने आईसीटी सेल के चेयरमैन

प्रयागराज। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के निर्देश पर शुक्रवार को आईसीटी सेल का पुनर्गठन किया गया। प्रो. सुनीत द्विवेदी को सेल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अब तक डॉ. शैलेंद्र राय के पास इसकी जिम्मेदारी थी। डॉ. आशीष खरे और डॉ. ऋचा मिश्रा को सदस्य व डॉ. तनवीर जहां सिद्दीकी को समन्वयक का जिम्मा सौंपा गया है।

इनसेट….

बदले गए जेआर और एआर
प्रयागराज। ज्वाइंट रजिस्ट्रार (जेआर) संजय उपाध्याय को प्रशासन से परीक्षा और एके कनौजिया को परीक्षा से प्रशासन (पीएफ, एडमिन और कमेटी) में स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही असिस्टेंट रजिस्ट्रार (एआर) सुनील कुमार यादव को प्रशासन (फैकल्टी) से एकाउंट सेक्शन और अमित तिवारी को एकाउंट सेक्शन से प्रशासन में भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button