श्रीरामानुज नगर प्रबंध समिति आचार्यबाड़ा की आमसभा 16 दिसंबर को प्रस्तावित

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला क्षेत्र में आचार्य नगर बसाने को श्रीरामानुज नगर प्रबंध समिति आचार्यबाड़ा की आमसभा 16 दिसंबर को प्रस्तावित है। समिति ने आमसभा के लिए पांच सूत्रीय एजेंडा तैयार किया है, उसे समस्त महात्माओं के समक्ष रखा जाएगा। हर मुद्दे पर महात्मा अपनी राय रखेंगे। एजेंडा में सबसे अहम मुद्दा कोविड-19 के मद्देनजर जमीन बढ़ाने का है। आचार्य नगर को हर बार 90 बीघा जमीन मिलती थी। हालांकि इस बार दूर-दूर शिविर लगाने के लिए 140 बीघा जमीन मांगी जाएगी। वहीं, समिति में आपसी विवाद के चलते 2017 में आचार्यनगर में कुछ फर्जी संस्थाएं बन गई थी। प्रशासन उन्हें जमीन व सुविधा देता रहा है। ऐसी संस्थाओं को बाहर करने की मांग की जाएगी। श्रीरामानुज नगर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी घनश्यामाचार्य के अनुसार स्वामी रामेश्वराचार्य की अध्यक्षता में श्रीवैष्णव आश्रम (रामदेसिक) दारागंज में सभा होगी। संचालन कार्यवाहक महामंत्री अखिलेशाचार्य करेंगे। घनश्यामाचार्य ने बताया कि हर प्रस्ताव पर पदाधिकारी व प्रमुख महात्मा अपना पक्ष रखेंगे। सबकी सहमति पर प्रस्ताव पारित करके प्रशासन को सौंपा जाएगा। प्रशासन से प्रस्ताव के अनुरूप आचार्यनगर बसाने की मांग की जाएगी। समिति प्रशासन से जमीन लेकर उसे महात्माओं को स्वयं वितरित करेगी।




