शिक्षकों को मिलेगा तबादले का दूसरा अवसर

नियुक्ति मिलने के बाद विवाह करने वाली शिक्षिकाओं को राहत
असाध्य रोगी शिक्षक व शिक्षिका से भी आवेदन लेने का निर्देश
कोर्ट के आदेश पर बेसिक शिक्षा परिषद लेगा ऑनलाइन आवेदन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद अंतर जिला तबादले की वेबसाइट 18 दिसंबर से खोलने जा रहा है। इस बार उन अध्यापिकाओं से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे, जिनका विवाह नियुक्ति मिलने के बाद हुआ है और वे तबादले का दूसरा अवसर चाहती हैं। यह कदम परिषद ने हाई कोर्ट के आदेश पर उठाया है। कोर्ट ने विवाहित महिलाओं के अलावा उन असाध्य रोगी शिक्षक व शिक्षिका से भी आवेदन लेने का निर्देश दिया था जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया था।
परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों के अंतर जिला तबादलों के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिव्या गोस्वामी सहित दर्जनों याचिकाओं पर विस्तृत फैसला दिया है। आदेश है कि केवल उस अध्यापिका को दूसरा अवसर मिलेगा जिसने नियुक्ति के बाद शादी किया है। इसके लिए 18 से 21 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदनपत्र का पंजीकरण या आवेदन पत्र सबमिट कर बीएसए कार्यालय में आवेदन की प्रति जमा करना होगा। जिला स्तर पर काउंसिलिंग या ऑनलाइन सत्यापन 22 व 24 दिसंबर को होगा। सूची का प्रकाशन 30 दिसंबर को होगा।
दरअसल, विद्यालयों में ऐसी कई अध्यापिकाएं तैनात हैं जिन्होंने पहले अपने पिता के निवास स्थान वाले जिले में तबादला लिया लेकिन, उनका विवाह दूसरे जिले में हो गया है इसलिए अब वे अपने पति के निवास वाले जिले में स्थानांतरण चाहती हैं। इसी तरह से उन अध्यापकों को भी तबादले का दूसरा अवसर मिला है, जो गंभीर रूप से बीमार होंगे और उन्हें तत्काल इलाज की जरूरत होगी।
शासन की ओर से जारी आदेश में एक बार ही अंतर जिला तबादले का प्राविधान किया गया है। कोर्ट उन्हें जरूर राहत दी थी। अब अनुपालन परिषद कर रहा है। शासनादेश के अनुसार ऐसे शिक्षक जो दूसरी बार तबादला चाहते थे उनका आवेदन निरस्त किया जा चुका है, वहीं कई ने तबादले की शर्तों को देखते आवेदन ही नहीं किया था। इसलिए वेबसाइट फिर से खोली जा रही है। परिषद सचिव पीएस बघेल ने बताया कि संबंधित शिक्षक तय समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करें।



