शिक्षक भर्ती: दूसरे चरण में 36,590 की सूची जारी
काउंसलिंग के लिए 2 से 4 दिसंबर तक की तारीख घोषित
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती के दूसरे चरण में 36590 अभ्यर्थियों की चयन एवं जिला आवंटन सूची सोमवार शाम जारी हो गई। 69000 पदों के सापेक्ष एक जून को 67867 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी हुई थी। 1133 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गए थे।
एक जून को 67867 अभ्यर्थियों की सूची में से मेरिट के अनुसार 31277 का चयन पहले चरण में हो चुका है। पहले चरण की सूची 12 अक्तूबर को जारी हुई थी। सुप्रीम कोर्ट से शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा के कट ऑफ का निर्णय 18 नवंबर को होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की थी।
काउंसलिंग के लिए 2 से 4 दिसंबर तक की तारीख पहले ही घोषित हो चुकी थी। अवशेष अभ्यर्थियों को सूची का इंतजार था। हालांकि सोमवार को जारी जिला आवंटन में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि लिस्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। काउंसिलिंग पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
इनसेट….
पुरुष अभ्यर्थियों ने मारी बाजी
आवंटित जिले में दूसरी बार भी बदलाव नहीं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने प्राथमिक स्कूलों के लिए 36,590 पदों की सूची में चयनितों के आवंटित जिले में दूसरी बार भी बदलाव नहीं किया है। 67867 पदों की सूची में जिस अभ्यर्थी को जो जिला आवंटित हुआ था, उन्हें उसी जिले में भेजा गया है। मनचाहा जिला देने में प्रदेश के पांच जिलों में सारी सीटें भर चुकी हैं, वहीं सीतापुर सहित कई ऐसे भी जिले हैं जहां अधिकांश सीटें अब काउंसिलिंग कराकर भरेंगी।
69,000 पदों की शिक्षक भर्ती का जिला आवंटन एक जून को किया गया था। उस समय 67867 अभ्यर्थियों में से अधिकांश को मनचाहा जिला मिल गया था। शीर्ष कोर्ट के आदेश से भर्ती के कुल पदों पर दो चरण में चयन हुआ है। दोनों बार एक ही सूची से चयनितों का जिला आवंटन किया गया। परिषद का दावा है कि किसी भी अभ्यर्थी का जिला आवंटन बदला नहीं गया है। यह जरूर है कि दूसरी चयन सूची में पुरुषों का चयन अधिक हुआ है। सूची में 19,027 पुरुष तो 17,563 महिलाओं को जगह मिली है।
जिलावार आवंटन में लखनऊ, मऊ, गाजियाबाद, वाराणसी और बागपत के सारे पद पहले चरण में ही भर चुके हैं। यहां दूसरे चरण की काउंसिलिंग नहीं होगी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बताया कि जिला आवंटन सूची के अनुसार सीतापुर में 2014, कुशीनगर में 1935, आगरा में 130, लखीमपुर खीरी में 1716, महराजगंज में 1328, अलीगढ़ 643, अमेठी 523, बलिया 909, बलरामपुर 350, बरेली 490, बस्ती 920, बिजनौर 231, इटावा 234, गोरखपुर 647 का आवंटन हुआ। उन्नाव 145, अयोध्या 123, अंबेडकर नगर 62, कानपुर देहात 41, प्रयागराज में महज तीन को आवंटित हुआ है।

