अपहरण नहीं, अपनी मर्जी से गई शादी के 15वें दिन अगवा हुई दुल्हन बरामद

डीआईजी ने थाने पहुंचकर स्वयं की पूछताछ
क्राइम ब्रांच ने युवती को प्रतापगढ़ से किया बरामद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शादी के 15वें दिन पति के साथ मायके से ससुराल जा रही दुल्हन को अगवा करने वाले आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की। देर रात टीम ने धूमनगंज पुलिस की सहयोग से दुल्हन को बरामद कर लिया। दुल्हन ने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी। पुलिस अफसरों का कहना है कि शुक्रवार को उसका कोर्ट में बयान कराया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
करेली निवासी विमलेश पाल की शादी एक दिसंबर को कटहुला के आईबी कर्मी की बहन के साथ हुई थी। 16 दिसंबर को विमलेश बाइक से अपनी पत्नी को लेकर घर जा रहा था। रास्ते में कार से पहुंचे दबंग ने उन पर हमला कर दिया और उसकी पत्नी को अगवा कर ले गया। इस वारदात के बाद विमलेश ने आरोपी पूर्व प्रधान नन्हा पाल, उसका छोटा भाई शानू, शुभम यादव राज, राज यादव, चंद्रशेखर, कल्लू पाल, अश्वनी पाल, जीतू पाल और कुलभाप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलने के बाद धूमनगंज पुलिस ने नन्हा पाल के घर पर छापेमारी की और कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। गुरुवार को डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी भी थाने पहुंचे और पीडि़त पक्ष से मुलाकात की। घटना की जानकारी लेने के बाद पकड़े गए आरोपियों से भी उन्होंने पूछताछ की। उधर धूमनगंज पुलिस ने एक अमन नामक युवक को भी हिरासत में लिया है। जिस पर आरोप था कि उसने गांव से युवती के निकलते ही आरोपियों को कॉल करके मुखबिरी की थी।




