किराये पर उपलब्ध होगी साइकिल, जानिए इन 75 स्मार्ट सिटी स्टेशन के बारे में

( आनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अब साइकिल से काम पर जाना आसान होगा। इसके लिए आपको साइकिल खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
किराये पर उपलब्ध होगी साइकिल, जल्द शुरू होगा पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम, स्मार्ट सिटी में 75 स्थानों पर बनेंगे साइकिल स्टेशन
पांच रुपये किराया देने पर साइकिल आसानी से उपलब्ध होगी।
शहर में 75 स्थानों पर साइकिल स्टेशन बनाए जाएंगे जहां 750 साइकिलें मौजूद रहेंगी। यहां से आपको आसानी से साइकिल मिल जाएगी। काम खत्म होने के बाद नजदीकी स्टेशन पर साइकिल जमा करने की सुविधा होगी। इस व्यवस्था को पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम नाम दिया गया है।
स्मार्ट सिटी के तहत सूबे में प्रयागराज से इसकी शुरूआत की जा रही है। इस योजना करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। अगले वर्ष मार्च माह से इसे शुरू करने की तैयारी है। यूरोपीय देशों की तर्ज पर दिल्ली, चंडीगढ़, जबलपुर, बंगलुरू जैसे शहरों में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम शुरू किया गया है। खुद को फिट रखने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण में भी साइकिलिंग मददगार है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तकनीकी मैनेजर एसके सिन्हा ने बताया कि प्रयागराज में इस काम पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। योजना की शुरूआत दो फेज में की जाएगी। 75 डॉकिंग स्टेशन में 40 स्टेशन बेस्ट डेवलपमेंट एरिया में बनेंगे। इसमें सिविल लाइंस और आसपास के इलाके आएंगे। बाकी 35 स्टेशन नैनी, शांतिपुरम एवं शहर के अन्य हिस्सों में बनाए जाएंगे। स्टेशन से एक बार साइकिल लेने पर पांच रुपये किराया देना होगा। लगभग ढाई सौ रुपये में मासिक पास बनवाकर महीने भर साइकिलिंग की जा सकती है।



