Latest

वीसी समेत 25 लोगों का एकत्र किया स्वैब इविवि पहुंची स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस से संक्रमित इविवि विज्ञान संकाय के एक विभागाध्यक्ष और केंद्रीय पुस्तकालय के एक अधिकारी के संपर्क में आने वाले 25 लोगों के स्वैब लेकर कोरोना जांच के लिए भेज दिए गए।

सैम्पलिंग के बाद कुलपति, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक, डीएसडब्ल्यू, एक डीन और एक विभागाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ प्रोफेसर और कर्मचारी होम क्वारेंटीन पर भेज दिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार या बुधवार तक आने की उम्मीद है।


कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय के नेतृत्व में सोमवार को इविवि के नार्थ हाल में तकरीबन एक बजे चिकित्सकों की जांच टीम पहुंची और एक-एक कर 25 लोगों के स्वैब एकत्र किए।

इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने बताया जांच कराने वाले अधिकारी, कर्मचारी दफ्तर नहीं गए। जांच कराने के बाद वह सीधे अपने घर चले।


उल्लेखनीय है कि विभागाध्यक्ष और लाइब्रेरी के अधिकारी इविवि के एक शोधार्थी के संपर्क में आने से संक्रमित हुए थे। इनकी जांच रिपोर्ट आने से पहले इन दोनों के सम्पर्क में इविवि के कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, एक डीन सहित कुछ वरिष्ठ प्रोफेसर, शोधार्थी और कर्मचारी आए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी लोगों की जांच के लिए सैंपल ले लिया है। जांच रिपोर्ट आने तक सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button