Latest

गेस्ट फैकेल्टी के भरोसे ही रहेगी पढ़ाई जल्द जारी होगा विज्ञापन, उसके बाद इंटरव्यू

 

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) व इसके संघटक कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र 2020-21 की भी पढ़ाई अतिथि प्रवक्ताओं के भरोसे ही होगी। ऐसा इसलिए कि इविवि में शिक्षकों के 68 फीसद पद रिक्त पड़े हैं। ऐसे में नए सत्र में पढ़ाई इविवि प्रशासन के लिए चुनौती थी। अब जनवरी में इविवि प्रशासन अतिथि प्रवक्ता भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर देगा।
शिक्षकों की कमी के चलते पिछले शैक्षिक सत्र में भी अतिथि प्रवक्ताओं से काम चलाना पड़ा था। नये सत्र में इविवि के पास स्थायी कुलपति हैं। इविवि प्रशासन ने शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू न होने की दशा में इस सत्र के लिए अतिथि प्रवक्ता की भर्ती करने का फैसला लिया है, जिससे पढ़ाई बाधित न होने पाए। इविवि की जनसंपर्क अधिकारी डॉ. जया कपूर के अनुसार नियमित शिक्षकों की भर्ती में अभी वक्त लगेगा। ऐसे में नए सत्र के लिए अतिथि प्रवक्ता की भर्ती की जाएगी। जल्द ही विज्ञापन जारी कर इंटरव्यू के बाद भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इनसेट….

863 पद के सापेक्ष 276 शिक्षक
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में 863 पद स्वीकृत हैं। इनमें प्रोफेसर के 79, एसोसिएट प्रोफेसर के 205 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 579 पद शामिल हैं। वर्तमान में केवल 276 पदों पर शिक्षकों की तैनाती है। इनमें 11 प्रोफेसर, 40 एसोसिएट प्रोफेसर और 225 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं। इस तरह प्रोफेसर के 68, एसोसिएट प्रोफेसर के 165 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 354 पद रिक्त पड़े हैं।
विभागवार देखा जाए तो संस्कृत में शिक्षकों के स्वीकृत 28 पदों में केवल तीन पद भरे हैं, जिनमें से एक शिक्षक नए साल में रिटायर हो जाएंगे। रसायन विज्ञान विभाग में 50 में 40, अर्थशास्त्र में 32 में 20, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग में 31 में 23, जीव विज्ञान में 30 में 26, प्राचीन इतिहास में 38 में 30 और अरबी-फारसी में 11 में आठ पद रिक्त पड़े हैं। कई ऐसे भी विभाग हैं, जो सिर्फ अतिथि प्रवक्ताओं के भरोसे ही हैं।

Related Articles

Back to top button