Latest

69,000 शिक्षक भर्ती में होगी तीसरी काउंसिलिंग

(विनय मिश्रा) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। 69,000 शिक्षक भर्ती में नियुक्ति पाने की उम्मीद लगाए उन अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है, जो अब तक काउंसिलिंग में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अब अवसर मिलेगा।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने कहा, मांगा जाएगा रिक्त सीटों का ब्योरा

स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने कहा है कि विभाग इस भर्ती में तीसरी काउंसिलिंग भी कराएगा। इसके लिए जिलों से रिक्त सीटों का ब्योरा लिया जाएगा, नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस भर्ती में पहले जिला आवंटन में ही अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों के 1133 पद खाली रह गए थे।
बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक स्कूलों के लिए 69,000 शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। दो चरणों में 31,277 व 36,590 पदों का जिला आवंटन किया गया। दोनों चरणों की काउंसिलिंग कराकर नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उनमें से बड़ी संख्या में पद रिक्त होने की सूचना है। इसका ब्योरा अभी जिलों से नहीं लिया गया है, क्योंकि त्रुटि सुधार व अवशेष शिक्षामित्र आदि के प्रकरण लंबित हैं।
बता दें कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने 69000 शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा का 12 मई को परिणाम घोषित किया था। उसमें 1,46,060 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। इसमें 1,36,621 ने आवेदन किया, जबकि 9439 अभ्यर्थी आवेदन से दूर रहे। 69000 पदों के लिए आवेदकों के गुणांक, भारांक, जिला वरीयता को देखते हुए जिले में उपलब्ध पद के आधार पर वर्ग व श्रेणीवार जिला आवंटन एक जून को किया गया था। उस समय 67,867 अभ्यर्थियों को जिला आवंटित हुआ था, वहीं एसटी वर्ग के 1,113 सीटें अभ्यर्थी न होने से खाली रह गई थी।

Related Articles

Back to top button