इलाहाबाद समाचार

VIDEO:हमसफ़र एक्सप्रेस सहित इलाहाबाद को रेल राज्यमंत्री ने दीं कई सौगात

इलाहाबाद। कुम्भ के कार्यो के मद्दनेजर भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के अध्यक्षता में रेलवे और इलाहाबाद प्रशासन के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुयी। बैठक में पूर्व की बैठक से चले आ रहे हैं, कई मुद्दें रेल राज्य मंत्री के सम्मुख निर्णय के रूप में सर्वमान्य हो गये।

रेल राज्य मंत्री ने रेलवे के अधिकारियों को सर्वप्रथम हिदायत दी कि कुम्भ का आयोजन पूरे देश का आयोजन है तथा इसको पूरी दुनिया अभी से कौतुहल की नजर से देख रही है। हमें इस आयोजन को मिलजुल कर समन्वय के साथ इसकी सफलता की ऊचाईं तक पहुंचाना है, यही मा. प्रधानमंत्री जी का तथा मुख्यमंत्री की भी मंशा है। इसलिए रेलवे और इलाहाबाद प्रशासन को एकजुट होकर कुम्भ के सभी कार्यो को अपना कार्य समझकर एकसाथ समय से पूरा करना है।

रेल राज्य मंत्री के समक्ष मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल ने यह अनुरोध किया कि कुम्भ के दौरान इलाहाबाद जक्शन को ही केन्द्रीय स्टेशन न बनाकर इलाहाबाद के सभी स्टेशनों को उनकी दिशाओं से आने वाली गाडियों के संचालन तथा प्रारम्भ का केन्द्र बनाया जाय। जिससे विभिन्न दिशाओं की ओर से आने वाली तथा वापस जाने वाली भीड़ सभी स्टेशनो पर बंट जाय। रेल राज्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस प्रकार की व्यवस्था कुम्भ के पूर्व अवश्य कर ली जायेगी तथा रेलवे तथा प्रशासन के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी दिशाओं में जाने वाली रेल गाडियों के लिए उस दिशा के इलाहाबाद के स्टेशन पहले से निर्धारित कर दिये जाये तथा अखबारो में विज्ञापन एवं होर्डिंग के माध्यम से इसका बहुत पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार कर दिया जाये।

जिससे हर दिशा से आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य स्टेशन की जानकारी पहले से रहे तथा एक जगह भीड़ इकट्ठा न होने पाये। मण्डलायुक्त के अनुरोध पर रामबाग, झूंसी, सूबेदारगंज, फाफामऊ, छिवकी, प्रयाग आदि स्टेशनों को विभिन्न रेल गाडियों के आरम्भ स्टेशन के रूप में विकसित करने की रणनीत बनाने जाने के लिए रेल राज्य मंत्री ने रेलवे के अधिकारियो को निर्देशित किया।

इसी प्रकार इलाहाबाद प्रशासन की ओर से इलाहाबाद के सभी स्टेशनों को एक आपरेशनल जोन में परिवर्तित करने के मण्डलायुक्त के अनुरोध पर रेल राज्य मंत्री ने यह आश्वस्त किया कि तीनों रेलवे जोनों के मध्य समन्वय के लिए मेला अवधि में एक वरिष्ठतम अधिकारी इलाहाबाद में तैनात कर दिया जायेगा। जनवरी 2019 में प्रस्तावित प्रवासी भारतीय दिवस आयोजन जो वाराणसी में प्रस्तावित है, में आने वाले 5000 के लगभग विदेशों के प्रवासी अतिथियों को वाराणसी लाने, कुम्भ मेला का भ्रमण कराने तथा 26 जनवरी के पूर्व उन्हे गणतन्त्र दिवस सामारोह में दिल्ली पहुंचाने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुयी।

इलाहाबाद प्रशासन की ओर से मण्डलायुक्त द्वारा मा. मंत्री जी से इलाहाबाद के सभी रेलवे परिसरो में पर्याप्त मात्रा में शौचालय बनाने के प्रस्ताव का रेल राज्य मंत्री द्वारा सहमति देते हुए एतदर्थ सभी स्वीकृतियां तत्काल दे दिये जाने के निर्देश रेलवे के अधिकारियो को दिये गये। इसी प्रकार स्टेशन में सिटी बसों की पार्किंग का निर्धारण तथा विभिन्न सड़को के निर्माण में रेलवे की जमीन के बराबर मूल्य की जमीन अथवा धनराशि देकर प्रशासन को जमीन हस्तान्तरण कर दिये जाने की नीति को सुगमता से कार्यवन्ति किये जाने के निर्देश भी रेल राज्य मंत्री द्वारा दिया गया ।

रेल राज्य मंत्री ने इलाहाबाद और लखनऊ के मध्य डबल लाईन सुनिश्चित किये जाने के लिए रेलवे के अधिकारियों को तेज गति से कार्य करने के लिए निर्देश दिया। इसी प्रकार रेल राज्य मंत्री ने रामबाग के फ्लाईओवर को कुम्भ के पूर्व संचालित कर देने, एमआईएनआईटी और फूलपुर के फ्लाईओवर को 30 सितम्बर तक संचालित कर देने की तिथि प्रशासन के अनुरोध पर रेलवे के अधिकारियो से सुनिश्चित करवायी।

इसी प्रकार सीएमपी, सोबतियाबाग, कुन्दग गेस्ट हाउस, अल्लापुर आदि के रेलवे अण्डर ब्रिज भी जून से जुलाई के मध्य पूरा कर लेने के निर्देश मा. रेल राज्य मंत्री ने दिये।

एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी हुआ कि पूरे मेला क्षेत्र को उत्तम गुणवत्ता की टेलीकाम कनेक्टिविटी से लैस करने की व्यवस्था के लिए दूरसंचार मंत्रालय के अधिकारियो को 5 दिन के भीतर प्रस्ताव करने के निर्देश रेल राज्य मंत्री ने दिये।

दूरसंचार मंत्रालय के अधिकारियों के द्वारा मा. रेल राज्य मंत्री को अवगत कराया गया कि विगत कुम्भ 2013 में दूरसंचार के 40 की संख्या में टूजी टावर लगाये गये थे। मण्डलायुक्त डॉ. आशीष गोयल के अनुरोध पर मा. रेल राज्य मंत्री ने अबकी बार कुम्भ मेले में 45 अत्याधुनिक टावरों के लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इलाहाबाद में कुम्भ के दृष्टिगत उत्तम स्तर की कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना हमारा प्रधान लक्ष्य होगा तथा इस बार हम टूजी और थ्री जी के स्थान पर इलाहाबाद को फोरजी कनेक्टिविटी उपलब्ध करायेंगे।

इसके लिए बीएसएनएल को पांच दिन के भीतर प्रस्ताव तत्काल दे देने मा. रेल राज्य मंत्री ने दिये है। मण्डलायुक्त द्वारा मेले के दौरान वायरलेस सेट देने की मांग की गयी, इस पर मा. रेल राज्य मंत्री ने कहा कि हम कुम्भ के लिए वायरलेस ही नही सेटलाइट फोन भी उपलब्ध करायेंगे। उन्होने मंत्रालय के अधिकारियों को 10 सेटलाइट सेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दे दिये है। मेलाधिकारी के अनुरोध पर उन्होने पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित टेंट सिटी को वाईफाई बनाने की स्वीकृति भी दे दी।

रेल राज्य मंत्री के समक्ष रेलवे और इलाहाबाद प्रशासन के अधिकारियो ने एक साथ बैठकर एक समन्वयित ट्राफिक प्लान बनाने का संकल्प लिया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि दोनो के कन्ट्रोल रूम फीड तथा कनेक्टिविटी के दृष्टि से एकीकृत रहेंगे। बैठक के अन्त में मा. रेल राज्य मंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच जिस प्रकार समन्वय पहले से स्थापित दिखायी दे रहा है, वह अभूतपूर्व है तथा इसके लिए इलाहाबाद प्रशासन तथा रेलवे के प्रमुख अधिकारी बधाई के पात्र है। उन्होने कहा कि यह कुम्भ आयोजन पूरे देश की प्रतिष्ठा का आयोजन है इसमें सबको मिलकर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी है, जिससे देश की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में बढे तथा लोगों को यह विश्वास हो कि भारत वास्तव में जमीनी स्तर पर विकास कर रहा है और बदल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button