Latest

दरोगा ने एसडीएम को कहे अपशब्द, ऑडियो वायरल

इलाहाबाद : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक एसडीएम को अपशब्द कहते एक दारोगा की आवाज को सुना जा सकता है। इतना ही नहीं उसने पुलिस अफसरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और मकान खाली कराने के लिए पैसे की मांग भी की। बातचीत का यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामला एसएसपी आकाश कुलहरि तक पहुंचा तो उन्होंने जांच बैठा दी।

वायरल हुए ऑडियो में दावा किया गया है कि आवाज फूलपुर थाने में तैनात एक चौकी प्रभारी की है। बातचीत सुनने पर पता चल रहा है कि एक शख्स जिसके मकान को खाली कराने के लिए अदालत से आदेश हुआ है। आदेश का अनुपालन कराने के लिए जब वह व्यक्ति पुलिस से मदद मांगने गया तो दारोगा की जुबान फिसली और एसडीएम को गाली देते हुए कहा कि वही खाली क्यों नहीं करा लेता। सोशल मीडिया पर चार ऑडियो वायरल हुए हैं। कुछ आडियो पांच मिनट के तो कुछ 10 से 12 मिनट के हैं। एक ऑडियो में यह भी सुना जा सकता है कि एक पीड़ित से दारोगा दो कमरा खाली कराने के लिए दो लाख रुपये की मांग करता है। एडवांस के तौर पर 25 हजार रुपये खुद के लिए और पांच हजार रुपये दीवान के लिए। साथ ही पांच सिपाहियों को दो-दो हजार देने व मुस्लिम सिपाहियों को भी पैसा देने की बातचीत है, ताकि कोई सिपाही अड़ंगा न फंसा सके। ऑडियो में यह शब्द भी कैद हैं कि पैसा ही भाग्य है। बिना पैसा के पीड़ित का भाग्य नहीं खुलता। वहीं एक अन्य ऑडियो में हत्याकांड को लेकर एसएसपी, सीओ और पीआरओ पर आपत्तिजनक टिप्पणी सुनाई देती है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर दारोगा की करतूत पर लोग हैरानी जता रहे हैं।

इनका कहना

ऑडियो मेरे पास भी आया है। बातचीत में चौकी इंचार्ज का नाम सामने आ रहा है। सीओ फूलपुर को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दारोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आकाश कुलहरि, एसएसपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button