Latest

57 हजार स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा दस हजार लोन

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तैयार हो रहा डाटाबेस

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की मार से टूट चुके स्ट्रीट वेंडरों को फिर स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार के लोन दिए जा रहे हैं। इनके डाटाबेस की फीडिंग पूरी होने पर हर तरह की सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए शासन स्तर से संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जाएंगे।
शासन ने प्रयागराज में 57 हजार स्ट्रीट वेंडरों को 10 हजार रुपये का लोन देने का लक्ष्य तय किया है। डूडा की ओर से 32,746 स्ट्रीट वेंडरों के सर्वे कराए जा चुके हैं। इसमें से 30,462 के आवेदन भराए गए हैं और 27,682 का ऑनलाइन पंजीयन हो चुका है। इसमें से करीब 11,500 स्ट्रीट वेंडरों को लोन मिल चुका है। जिन्हें लोन मिल चुका है, उन्हें अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ (प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जनधन योजना, पीएम श्रमयोगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा योजना, श्रम पेंशन योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना आदि) दिलाने के लिए उनका डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।
अब तक 119 स्ट्रीट वेंडरों का डाटाबेस तैयार किया जा चुका है। जिन्हें योजनाओं का लाभ मिला है उनके डाटाबेस के आगे टिक का निशान लगा दिया जा रहा है, जिन्हें नहीं मिला है, उनके आगे वंचित लिखकर ऑनलाइन भेजा जा रहा है। डूडा की परियोजना अधिकारी वर्तिका सिंह ने बताया कि शासन द्वारा डाटाबेस तैयार कराने का मकसद यह है कि कितने स्ट्रीट वेंडर सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, अथवा कितने को कौन सी योजना का लाभ मिल रहा है। डाटाबेस तैयार होने पर लाभ न पाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को लाभ देने के लिए संबंधित विभागों को शासन की ओर से निर्देश जारी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button