पीसीएस-2020 मेंस की तैयारियां पूरी , सूबे के तीन जिलों में बने 11 परीक्षा केन्द्र

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2020 मेंस (मुख्य) परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। आयोग 21 से 25 जनवरी तक मुख्य परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए तीन जिलों में 11 केंद्र बनाये गए हैं। प्रयागराज में सबसे अधिक पांच केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 2084 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जबकि गाजियाबाद में तीन केंद्रों पर 1300 और लखनऊ में चार केंद्रों पर 1755 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। केंद्रों पर कापी व पेपर पहुंचाने का काम जल्द पूरा हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस व एसीएफ-आरएफओ-2020 की प्रारंभिक परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित की थी। परिणाम 21 नवंबर को जारी किया गया, फिर 24 नवंबर को संशोधित परिणाम जारी करके 29 नवंबर से मुख्य परीक्षा के लिए आनलाइन व आफलाइन फार्म भराया गया। शुरुआत में 252 पद की भर्ती निकाली गई थी। लेकिन, परिणाम के समय पद बढ़ाकर 487 कर दिया गया।
इनसेट…
पीसीएस-2019 का साक्षात्कार कार्यक्रम जारी
प्रयागराज। पीसीएस-2019 का साक्षात्कार 28 जनवरी को आरंभ होगा। साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम सोमवार 18 जनवरी को जारी कर दिया गया। आयोग की वेबसाइट पर प्रतिदिन के साक्षात्कार का कार्यक्रम उपलब्ध है। भर्ती के 388 पदों के सापेक्ष साक्षात्कार के लिए 811 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। उक्त भर्ती में उपकारापाल, कर निर्धारण अधिकारी, विपणन अधिकारी एवं विधि अधिकारी (मंडी परिषद) के लिए इंटरव्यू नहीं होगा। इसी प्रकार विशिष्ट अर्हता के पदों लेखा एवं संप्रेक्षा अधिकारी, विधि अधिकारी (पीडब्ल्यूडी तथा भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग) ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक व पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के पदों के सेवा नियमावली में साक्षात्कार का प्राविधान नहीं है। उप्र लोकसेवा आयोग ने 16 अक्टूबर 2019 को पीसीएस के 474, एसीएफ के दो व आरएफओ के 53 पदों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। मुख्य परीक्षा परीक्षा के लिए 6119 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जबकि मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 23 दिसंबर को जारी किया गया था।




