ओमेक्स के ऑफिस में तालाबंदी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। ओमेक्स रियल स्टेट कंपनी की नैनी में स्थित “ वाटर फ्रंट हाईटेक इंटीग्रेटेड सिटी“ हाउसिंग योजना में अपना मकान पाने की आस लगाए लोगों ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित ऑफिस में धरना प्रदर्शन किया। ओमेक्स वेलफेयर सोसइटी के बैनर तले कड़ाके की ठंड में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। सोसाइटी के सदस्यों ने ऑफिस में ताला लगा दिया और दिल्ली और लखनऊ में बैठे आला अधिकारियों से बात कराने की मांग करने लगे। यहां के लोकल अधिकारी अजय मिश्रा पहले तो मामले को अपने ही स्तर पर निपटाने की कोशिश करते दिखे लेकिन सोसाइटी के लोग बात कराने की मांग पर अड़े रहे। बाद में ओमेक्स अधिकारी अजय मिश्रा ने मंगलवाल दिनांक 19/01/2021 को दिन में 12 बजे तक ओमेक्स कंपनी के वाइस प्रेसिड़ेंट से टेलीफोनिक बातचीत कराने की मांग मान ली। साथ ही उन बिंदुओं पर भी लिखित में जवाब देने की बात मान ली जिसे लेकर सोसाइटी ने प्रश्न उठाया था। दरअसल, ओमेक्स रियल स्टेट कंपनी की नैनी में स्थित “ वाटर फ्रंट हाईटेक इंटीग्रेटेड सिटी“ हाउसिंग योजना की शुरुआत 2008-09 में हुई थी। इस योजना के तहत हजारों लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई लगा कर अपने मकान का सपना देखा था, लेकिन भुगतान के बाद भी करीब 1800 लोगों को उनकी प्रापर्टी नहीं मिली। जब भी पीड़ित लोग अपनी प्रापर्टी की मांग करते तो यहां के आला अधिकारी से लेकर दिल्ली, लखनऊ के अला अधिकारी कभी कोर्ट का तो कभी कोई और बहाना बनाते रहे हैं। यही नहीं, ओमेक्स कंपनी ने इस योजना को अधर में डालकर दूसरी योजनाएं भी शुरू कर दी हैं। फिलहाल, वेलफेयर सोसाइटी के लोगों का कहना है कि जब तक उनको उनका हक नहीं मिलेगा तब तक वो लगातार प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही सोसाइटी के लोगों का कहना था कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो आज की तरह आगे भी तालाबंदी कर ओमेक्स का कोई काम नहीं होने देंगे।




