पीसीएस-2019: साक्षात्कार की तिथियां घोषित

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2019 के साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया।
यूपीपीएससी ने वेबसाइट पर जारी किया कार्यक्रम
साक्षात्कार 28 जनवरी को आरंभ होकर सात दिन चलेगा। इसके तहत 28, 29, 30 जनवरी, एक, दो, तीन व चार फरवरी को साक्षात्कार दो सत्र में लिया जाएगा। प्रथम सत्र का सुबह नौ व द्वितीय सत्र का साक्षात्कार दोपहर एक बजे से शुरू होगा। यूपीपीएससी की वेबसाइट में साक्षात्कार का कार्यक्रम अपलोड कर दिया गया है।
साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को समस्त शैक्षिक दस्तावेजों के साथ आरक्षित वर्ग के नए प्रारूप पर जारी जाति प्रमाणपत्र, केंद्र व राज्य सरकार में कार्यरत अभ्यर्थियों को सेवायोजक द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र की मूल कापी लेकर आना होगा।
पीसीएस-2019 भर्ती के 388 पदों के सापेक्ष साक्षात्कार के लिए 811 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। यूपीपीएससी ने 16 अक्टूबर 2019 को पीसीएस के 474, एसीएफ के दो व आरएफओ के 53 पदों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। आयोग ने 15 दिसंबर को प्रारंभिक परीक्षा कराई और 17 फरवरी 2020 को परिणाम जारी हुआ। मुख्य परीक्षा परीक्षा का रिजल्ट 23 दिसंबर को जारी किया गया।



