कोरोना का अगला वैक्सीनेशन अब 22 को

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वैक्सीनेशन की नई तिथि तय कर दी गई है। प्रयागराज में अब 22 जनवरी को अगला वैक्सीनेशन होगा। इसके बाद 28 व 29 जनवरी को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन की तैयारी में जुट गया है। एक दिन में 45 सौ स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 45 अस्पतालों को सेंटर बनाया जाएगा।
जनपद के 45 अस्पतालों को बनाया जाएगा सेंटर
लंबे समय से मुसीबत बने कोरोना को मात देने के लिए सरकार ने वैक्सीनेशन शुरू किया। 16 जनवरी को प्रयागराज के छह सेंटरों में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। इस दौरान छह सौ में से 425 डॉक्टरों व कर्मियों ने टीका लगवाया था। एक बार फिर वैक्सीनेशन की तारीख तय कर दी गई है। शुक्रवार, 22 जनवरी को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसी तरह 28 व 29 जनवरी को भी मेडिकल जगत से जुड़े लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
कोरोना वैक्सीनेशन के नोडल अफसर डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि शासन ने तीन नई तारीख तय कर दी हैं। एक दिन में 45 सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। प्रत्येक सेंटर में सौ कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। तीन दिन में साढ़े 13 सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाना है। हालांकि बचे हुए कर्मियों के रिजर्व डे की तिथि अभी तय नहीं है। जिले के 45 सेंटरों में वैक्सीनेशन किया जाएगा। सेंटर कौन होंगे, इसका निर्णय विभाग जल्द कर लेगा। उम्मीद है कि ग्रामीण क्षेत्र में 20 व शहरी क्षेत्र में 25 सेंटर होंगे।



