इविवि: केंद्रीय दर्जा मिलने के बाद आशीष बने तीसरे चांसलर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय को 2005 में केंद्रीय दर्जा मिला। इसके बाद इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले कुलाधिपति श्वेत क्रांति के जनक कहे जाने वाले डॉ. वर्गीज कुरियन को राष्ट्रपति ने पांच साल के लिए कुलाधिपति नियुक्त किया। इसके बाद 2012 में शिक्षाविद प्रो. गोवर्धन मेहता विश्वविद्यालय के दूसरे कुलाधिपति बने। अब तक प्रो. मेहता का नाम ही कुलाधिपति के रूप में अंकित था। बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के एमडी एवं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के संस्थापक सदस्य रहे आशीष चौहान को कुलाधिपति नियुक्त किया। आशीष चौहान केंद्रीय दर्जा मिलने के बाद तीसरे कुलाधिपति हैं।
ज्ञात हो कि नए कुलाधिपति की नियुक्ति के लिए बीते 28 फरवरी की कार्य परिषद से मंजूरी मिलने के बाद सदस्यों से पांच-पांच नाम मांगे गए थे। मिले नामों की स्क्रीनिंग के बाद सर्वसम्मति से पांच नाम सीलबंद लिफाफे में मंत्रालय को भेज दिए गए। इसके बाद बतौर विजिटर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आशीष चौहान के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी।




