विवेचना में लापरवाही पर चार पुलिसकर्मी निलंबित

अपहरण के एक मामले में एडीजी जोन ने की कार्रवाई
( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अपहरण के एक मामले में विवेचना के दौरान लापरवाही का मामला सामने आने पर एडीजी जोन प्रेम प्रकाश ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, उनकी प्रयागराज, बांदा और महोबा में तैनाती है।
बताया जा रहा है कि प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र निवासी पुष्पेंद्र के भाई योगेन्द्र सिंह रहस्यमय परिस्थति में गायब हो गए थे। पुष्पेंद्र ने बांदा जनपद के बबेरू थाने में योगेन्द्र के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। 2019 में बांदा पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया। इस विवेचना में कई पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई।
इसकी शिकायत मिलने पर एडीजी प्रेम प्रकाश ने जांच कराई और अपहरण केस में शामिल रहे चार पुलिसकर्मियों को घोर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। निलंबित हुए पुलिसकर्मियों में वर्तमान में तैनात महोबा जनपद के इंस्पेक्टर शशि पांडेय, बांदा में तैनात दरोगा राजेश कुमार यादव, बांदा में तैनात रमाकांत शुक्ला और प्रयागराज जिले के करछना थाने में तैनात दरोगा अमित कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त अमित कुमार की सोरांव थाने में तैनाती थी। विवेचना में अमित की लापरवाही भी उजागर हुई है।




