दद्दा जी के शिविर में हो चुका है ६३ लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। दद्दा जी ने प्रयागराज के मेले में पार्थिव शिवलिंग के निर्माण की जो परम्परा रखी थी वह आज भी कायम है। अब इसकी कमान उनके ज्येष्ठ पुत्र अनिल शास्त्री जी के हाथों में है। शुक्रवार को उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए बताया कि शिविर में सात दिन का अनुष्ठान चल रहा है जो शनिवार को पूर्ण होगा। अब तक ६३ लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण हो
चुका है। जगत कल्याण की कामना से निर्मित होने वाले शिवलिंगों का विधिवत अभिषेक भी किया जाता है। अनिल शास्त्री ने कहा कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण की परम्परा आगे भी जारी रहेगी। प्रेसवार्ता में मौजूद फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि दद्दा जी ने हर-हर महादेव, घर-घर महादेव, हर-हर गंगे, घर-घर गगे की बात कही। उन्होंने जीवन की हकीकत बतायी और जीवन दर्शन के निर्देशक बने। दद्दा ने अहम का त्याग करने की बात सिखायी और हमेशा जगत कल्याण की बात की। उन्होंने अपने जीवन काल में पूरे देश में १३५ यज्ञ किये लेकिन कभी भी एक रुपये चंदा की रसीद नहीं दिखी कही। सब कुछ कैसे होता था हम सब समझ नहीं पाते थे। राजपाल यादव ने कहा कि दद्दा जी हमेशा अपने शिष्यों से कहते थे कि हमारे हर कर्म में दूसरे का हित छिपा होता है। हम सब दद्दा शिष्य मण्डल के सदस्य उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के साथ-साथ उन्हें जन-जन तक भी पहुंचायेंगे।
प्रेसवार्ता में दद्दा जी के करीबी शिष्य संतोष उपाध्याय भी मौजूद रहे।




