संदीप, अंशुमान बने जीत के नायक, निर्भय की पारी व्यर्थ

जस्टिस एसआई जाफरी क्रिकेट में चौधरी नौनिहाल सेमीफाइनल में
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ऑलराउंडर अंशुमान पांडेय (57 नाबाद, 31 गेंद, चार चौके, चार छक्के एवं एक विकेट) और कप्तान संदीप यादव के अर्धशतक (53 रन, 48 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) की बदौलत चौधरी नौनिहाल सिंह क्रिकेट क्लब ने दौलत हुसैन मुस्लिम इंडियन इंटर कालेज को 25 रन से हराकर जस्टिस एसआई जाफरी टी-20 कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पराजित टीम के निर्भय सिंह का अर्धशतक (78 रन, 55 गेंद, 12 चौके, चार छक्के) अर्थहीन हो गया।
एमआईसी मैदान पर सोमवार को खेले गये मैच में टॉस हारकर चौधरी नौनिहाल सिंह क्लब ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन (अंशुमान पांडेय 57 नाबाद, संदीप यादव 53, अभिषेक यादव 20 नाबाद, अरुण चौहान तीन, आमिर हसन व मो. हाशिम एक-एक विकेट) बनाये। जवाब में दौलत हुसैन कालेज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 141 रन (निर्भय सिंह 73, हिमांशु द्विवेदी 32 नाबाद, उदय प्रताप व अंकित शुक्ला दो-दो, प्रथम मिश्र, अंशुमान पांडेय व शुभ शर्मा एक-एक विकेट) ही बना सकी। अंशुमान को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव फुजैल हाशमी ने मैन ऑफ दि मैच का पुरस्कार दिया। मंगलवार को राज गार्डेन का मुकाबला प्रयाग जिमखाना से होगा।




