Latest

सब-इंस्पेक्टर के 9534 पदों पर होगी भर्ती

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी या यूपीपीबीपीबी) ने यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की 9534 वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
यूपीपीआरपीबी ने जारी किया वैकेंसी का नोटिफिकेशन

कुल पदों में 3613 पद अनारक्षित हैं। 902 पद ईडब्ल्यूएस, 2437 पद ओबीसी, 1895 एससी, 180 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2021 से शुरू होगी और 30 अप्रैल 2021 तक आवेदन किया जा सकेगा। एसआई के 9534 रिक्त पदों में नागरिक पुलिस में 9027, प्लाटून कमांडर पीएसी में 484 और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 23 पद हैं। नागरिक पुलिस व प्लाटून कमांडर पीएसी में एसआई पद के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन जबकि अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के लिए साइंस साइड में ग्रेजुएट होना होगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 21 से 28 वर्ष है। यानी अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 1993 से पहले व 1 जुलाई 2000 के बाद न हुआ। उत्तर प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग को आयु सीमा में 5-5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
कद-काठी संबंधी योग्यता पर नजर डालें तो सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के पुरूष अभ्यर्थियों के लिए ऊंचाई कम से कम 168 सेमी जबकि एसटी वर्ग के लिए 160 सेमी तय की गई है। सीने का माप सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के लिए बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाकर 84 सेमी जबकि एसटी वर्ग के लिए बिना फुलाए 77 सेमी और फुलाकर 82 सेमी होना अनिवार्य है। महिलाओं के सामान्य, ओबीसी व एससी वर्ग के लिए ऊंचाई कम से कम 152 सेमी तथा एसटी वर्ग के लिए 147 सेमी और वजन कम से कम 40 किलोग्राम होना चाहिए।

लिखित परीक्षा का पैटर्न

प्रयागराज अनुराग दर्शन समाचार। दरोगा भर्ती में लिखित परीक्षा में पास अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। यानी पहले लिखित परीक्षा और बाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। शारीरिक दक्षता के मानक पर खरे अभ्यर्थी ही लिखित परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। लिखित परीक्षा 400 अंकों की होगी जिसमें ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। दो घंटे की इस ऑनलाइन लिखित परीक्षा में चार अलग अलग विषयों का एक-एक प्रश्न पत्र होगा। इसमें 100 अंक की सामान्य हिन्दी, 100 अंक का मूलविधि-संविधान-सामान्य ज्ञान, 100 अंक का संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता परीक्षा और 100 अंक की मानसिक अभिरुचि परीक्षा-बुद्धिलब्धि परीक्षा-तार्किक परीक्षा होगी।

क्वालिफाइंग होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

प्रयागराज। शारीरिक दक्षता परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी। इसके अंतर्गत पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किमी की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होगी। जबकि महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किमी की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी। ऐसे अभ्यर्थी जो शारीरिक दक्षता परीक्षा क्वालिफाई कर लेंगे, उन्हें लिखित परीक्षा में प्राप्तांक के आधार पर मेडिकल के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में प्राप्तांक के आधार पर ही फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी।

Related Articles

Back to top button