Latest

ताऊ बना हैवान, 2 भतीजी और दो भतीजों को जिंदा जलाया, भतीजियों की मौत

इलाहाबाद। गंगापार के होलागढ़ थाना क्षेत्र के बंधवा अहिरान गांव में एक ताऊ हैवान बन गया। उसने शनिवार तड़के अपनी दो भतीजियों और दो भतीजों पर केरोसिन का तेल छिड़ककर आग लगा दी।

दोनों भतीजियों की अस्पताल में मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर रूप से झुलस गया। चौथा भागने की वजह से बच गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शक था कि उसके भाई ने उस पर भूत-प्रेत कर दिया है। इसी सनक में उसने बच्चों पर हमला कर दिया।

सराय मदन सिंह गांव के चांटी के बंधवा अहिरान बस्ती का रहने वाला अमरनाथ यादव चार भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसे चौथे भाई पृथ्वीपाल व उसकी पत्नी कुसुम पर शक था कि दोनों ने उसके परिवार पर भूत प्रेत कर दिया है। जिसके बाद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गया। उसकी पत्नी बच्चे भी उसे छोड़कर मायके चले गए थे।

भूत-प्रेत के शक में वह एकदम सनकी हो गया था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे पृथ्वीपाल और उसकी पत्नी कुसुम गेहूं काटने अपने खेत चले गए। उनकी दो बच्चियां रीतू (5) और नीतू (4) बरामदे में एक चारपाई पर सो रही थीं। दूसरी चारपाई पर बेटा सौरभ (12) और भतीजा उत्तम (10) सो रहे थे।  पृथ्वीपाल के जाने के बाद अमरनाथ उठा और उसने रीतू और नीतू पर केरोसिन का तेल छिड़कर आग लगा दी।

उसके बाद उसने सौरभ और उत्तम पर भी मिट्टी का तेल छिड़क  दिया, लेकिन दोनों रीतू और नीतू की चीख सुनकर जाग गए और भागने लगे। भागते-भागते सौरभ झुलस गया। उत्तम बाहर भागा और चीखने लगा। इसके बाद गांववालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

मां-बाप को पता चला तो दोनों मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चियों को पहले सीएचसी फिर एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। सौरभ को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद अमरनाथ कुएं में कूद गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button