नगर निगम सीमा क्षेत्र में शामिल इलाकों में बिछाया जाएगा पेयजल आपूर्ति का जाल

शहर दक्षिणी विधान सभा क्षेत्र के विकास को लेकर नगर विकास मंत्री से मिले मंत्री नन्दी
नैनी एरिया में सीवर लाइन का जाल न बिछाए जाने से हो रही समस्या से कराया अवगत
( अनुराग शुक्ला )
लखनऊ (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन, अल्पसंख्यक कल्याण, राजनीतिक पेंशन, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री व प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन जी से उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर जाकर मुलाकात की। प्रयागराज शहर के विकास कार्यों एवं समस्याओं को लेकर नगर विकास मंत्री से चर्चा की एवं उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। जिस पर नगर विकास मंत्री ने सीमा विस्तार के बाद नगर निगम प्रयागराज के सीमा क्षेत्र में शामिल हुए इलाकों में पेयजल आपूर्ति का जाल बिछाए जाने का आश्वासन दिया। नगर विकास मंत्री ने कहा कि सीमा विस्तार में शामिल एरिया का जल्द ही सर्वे करा कर वहां पेयजल आपूर्ति के संसाधनों का 15वें वित्त आयोग की धनराशि से विस्तार कराया जाएगा। मंत्री नन्दी ने नगर विकास मंत्री को प्रयागराज के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के नैनी एरिया में सीवर लाइन का जाल न बिछा होने से आ रही समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर नगर विकास मंत्री जी ने कहा कि यमुनापार एरिया में सीवर लाइन बिछाने का ब्लूप्रिंट तैयार हो चुका है, अधिकारियों से वार्ता कर इस कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया जाएगा।
मंत्री नन्दी ने नगर विकास मंत्री को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण इलाकों के सीवर लाइन कनेक्शन से छोड़ दिए जाने की जानकारी दी। कहा कि सदियापुर, करेलाबाग, दरियाबाद के साथ ही कई ऐसे इलाके हैं, जहां अभी तक सीवर का कनेक्शन छोड़ दिया गया है। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में वर्षों पुरानी हो चुकी पाइप लाइनों को न बदले जाने से हो रही समस्याओं से अवगत कराया। नगर विकास मंत्री जी ने बताया कि सीमा विस्तार के बाद झूंसी, फाफामऊ, नैनी, बमरौली आदि एरिया में जल्द ही पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। ट्यूबवेल लगवाए जाने, पाइप लाइन का जाल बिछाए जाने के साथ ही ओवरहेड टैंक भी बनवाए जाएंगे, ताकि लोगों को पानी की समस्या न हो। इसके लिए सर्वे कराया जाएगा।



