940 का लिया सैंपल, नहीं मिला एक भी पॉजिटिव

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना दोबारा तेजी से फैल रहा है लेकिन, राहत की बात है कि शहर के बाजार अभी इससे सुरक्षित हैं। शनिवार को बाजार, रेलवे स्टेशन तथा हवाई अड्डे पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमों ने कुल 940 लोगों के सैंपल लेकर एंटीजन किट से जांच की। इनमें एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं पाया गया।
कोराना जांच को निकली स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमें
हालांकि यह जांच अभियान अभी होली त्योहार तक चलेगा।
कोरोना के लगातार बढ़ रहे खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने टेस्टिंग फोकस के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत सैंपल जांच का अभियान शनिवार से शुरू कर दिया गया। एसीएमओ और सैंपल प्रभारी डॉ. एके तिवारी के निर्देशन में 12 टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना हुईं। होली से संबंधित सामग्रियों की दुकान, कपड़े, ठेले-खोमचे पर जाकर दुकानदारों व ग्राहकों के भी सैंपल लिए गए। रजिस्टर पर उनका मोबाइल फोन नंबर सहित अन्य ब्योरा दर्ज किया। सैंपल लेने वाले स्वास्थ्य कर्मी पीपीई किट में रहे। पूरे दिन यह अभियान चला। डॉ. एके तिवारी ने बताया कि 940 लोगों के सैंपल लिए गए। एंटीजन किट से हुई जांच में सभी निगेटिव रहे। बताया कि सैंपल लेने का यह अभियान होली के पहले तक जारी रहेगा।




