यूपी बोर्ड: कई देशों की जनसंख्या से अधिक परीक्षार्थी

(विनय मिश्रा) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अपनी स्थापना के सौ साल मना रहे यूपी बोर्ड की 2021 परीक्षा के लिए पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या दुनिया के 118 देशों की आबादी से भी अधिक है। यूपी बोर्ड से इस बार हाई स्कूल के 29,94,312 और इंटर के 26,09,501 कुल मिलाकर 56,03,813 छात्र-छात्राएं 24 अप्रैल से शुरू हो रही परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से जारी दुनियाभर के 233 देशों की 2019 की जनसंख्या पर नजर डालें तो 118 देशों की जनसंख्या 56 लाख से कम है। वर्ष 2018 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 66,37,018 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जो इस साल घटकर 56.03 लाख रह गए हैं। आंकड़ों की बात करें तो कई बड़े देशों की जनसंख्या यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों से कम पड़ जाएगी। फिनलैंड व स्लोवाकिया में क्रमश: 55 व 54 लाख, नार्वे में 53, न्यूजीलैंड, फिलिस्तीन व आयरलैंड की आबादी 49-49 लाख है।




