जिले में हो सकेगी खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच

( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट अब जल्द आ सकेगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के लिए मिलावट का पता कर पाना कठिन होता है क्योंकि खाद्य पदार्थों के परीक्षण के उचित संसाधन नहीं हैं।
फाफामऊ के मलाक चौधरी गांव में मिली एक एकड़ जमीन
खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच के लिए प्रयोगशाला फाफामऊ के मलाक चौधरी गांव में बनने वाली है। गांव में एक एकड़ जमीन फरवरी माह में ही मिल गई है। इस पर अब निर्माण होना बाकी है।
दरअसल, प्रदेश सरकार ने मंडल स्तर पर जांच प्रयोगशालाएं बनाने का निर्णय लिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में बजट मिलने की उम्मीद है, उससे निर्माण एजेंसी प्रयोगशाला तैयार करेगी। यहां प्रयोगशाला बन जाने से खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट जल्दी आएगी। हालांकि ऐसा नहीं है कि फाफामऊ में बन रही प्रयोगशाला में प्रयागराज मंडल से ही लिए गए खाद्य नमूनों की जांच होगी। बल्कि पारदर्शिता रखने और निष्पक्ष जांच के लिए नमूने दूसरी प्रयोगशालाओं में ही भेजे जाएंगे।


