इंडोनेशिया के सातों जमातियों की घर वापसी, प्रयागराज पुलिस ने लौटाए पासपोर्ट व दस्तावेज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। वीजा नियमों का पालन न करने के आरोप में फंसे इंडोनेशिया के सातों जमाती अब अपने घर लौट रहे हैं। प्रयागराज पुलिस ने उनके पासपोर्ट व दस्तावेज लौटा दिए हैं। वहीं थाइलैंड के जमाती अभी करेली के एक मस्जिद में शरण लिए हैं। कोर्ट से वह भी बरी हो गए हैं लेकिन अभी तक कोर्ट का आदेश प्रयागराज पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। दिल्ली के मरकज निजामुद्दीन से लौटे सात इंडोनेशियाई प्रयागराज के शाहगंज स्थित अब्दुलाह मस्जिद में शरण लिए थे। दो अप्रैल 2020 को उन पर आरोप लगा था कि वे वीजा नियमों का उल्लंघन कर प्रयागराज आए। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी विदेशियों व मस्जिद कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया गया। इस बीच शाहगंज पुलिस ने वीजा नियमों का पालन न करने और संक्रमण फैलाने के आरोप में सातों विदेशियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था। 21 अप्रैल 2020 को उन्हें नैनी जेल भेज दिया गया। पांच महीनों के बाद सितंबर 2020 को जमातियों को जमानत पर रिहा किया गया। जमानत पर छूटने के बाद उन्हें अब्दुलाह मस्जिद में ही शरण दी गई। विदेशियों को जेल भेजने से पूर्व शाहगंज पुलिस ने उनके पासपोर्ट, वीजा और मोबाइल जब्त कर लिए थे। शाहगंज इंस्पेक्टर जयचंद्र शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सभी विदेशियों का पासपोर्ट व अन्य कागजात, मोबाइल लौटा दिया गया। एडवोकेट नसीम उर्फ गुड्डïू ने बताया कि इंडोनेशिया के सभी सातों जमातियों की दिल्ली से फ्लाइट है। बुधवार रात को निजी साधन से सभी विदेशी दिल्ली रवाना हो गए।



