Latest

गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर स्कूलों में छुट्टी

बेसिक शिक्षा परिषद का वार्षिक अवकाश कैलेंडर जारी

01 अप्रैल से 30 सितंबर तक पढ़ाई में एक घंटे का इजाफा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों के लिए इस साल की अवकाश तालिका बुधवार को जारी हो गई। परिषद ने पहली बार 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस का अवकाश घोषित किया है। इस साल 2021 के दौरान स्कूलों में 30 दिन छुट्टी रहेगी, जबकि पांच दिन विशेष दिवस पर स्कूल खुलेंगे, सिर्फ पढ़ाई नहीं होगी। पहली अप्रैल से 30 सितंबर तक पढ़ाई में एक घंटे की बढ़ोतरी हुई है, पहले स्कूल आठ से एक बजे तक चलते थे, अब आठ से दोपहर दो बजे तक खुले रहेंगे। वहीं ग्रीष्मावकाश में कटौती हुई है, जबकि शीतकालीन अवकाश शुरू किया गया है। दीपावली पर स्कूलों में चार दिन अवकाश रहेगा।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने सभी बीएसए को यह भी निर्देश दिया गया है कि अवकाश तालिका के अलावा कोई अवकाश किसी भी स्तर पर नहीं दिया जाएगा। इस बार नया साल शुरू होने के बाद अवकाश तालिका जारी हुई है। कैलेंडर में पहला अवकाश 14 जनवरी को मकर संक्रांति का है। स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारी अवकाश दे सकते हैं। मुस्लिम त्योहार चंद्र दर्शन के अनुसार बदल सकते हैं। हरितालिका तीज, करवाचौथ, संकट चतुर्थी, हलषष्ठी व अहोई अष्टमी में केवल शिक्षिकाओं को ही अवकाश दिया जाएगा।
परिषद द्वारा घोषित कई अवकाश रविवार को पड़ रहे हैं। इसमें पहला अवकाश होलिका दहन का है। दूसरा संत महावीर जयंती, तीसरा स्वतंत्रता दिवस, चौथा रक्षाबंधन व पांचवां सरदार पटेल जयंती का है। वहीं, गणतंत्र दिवस, संत रविदास जयंती, डा.भीमराव आंबेडकर जन्म दिवस, स्वतंत्रता दिवस और महात्मा गांधी जयंती पर शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम व गोष्ठी होंगे।
स्कूलों में 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मावकाश रहेगा, वहीं 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। पहले सिर्फ 21 मई से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश होता रहा है। यही नहीं एक अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूल सुबह आठ से दो बजे तक खुलेंगे। पहले स्कूल सिर्फ एक बजे तक खुलते रहे हैं। वहीं, एक अक्टूबर से 31 मार्च तक पूर्व की तरह सुबह नौ से अपरान्ह तीन बजे तक स्कूल खुलेंगे।

Related Articles

Back to top button