इविवि वीसी व रजिस्ट्रार को रिश्वत देने का आरोप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव और रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल पर दो करोड़ रिश्वत लेने के बाद संविदा कर्मचारी भर्ती का टेंडर देने का आरोप लगा है।
संविदा कर्मचारी भर्ती के आवेदकों से खुलेआम हो रही वसूली
विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में बढ़े अभ्यर्थी तो इंटरव्यू स्थगित
यह आरोप भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने वाली कंसल्टेंट कंपनी ने लगाए हैं। इसका वीडियो और ऑडियो शनिवार को वायरल हो गया। अब कंसल्टेंट कंपनी पर एक पद के एवज में आवेदकों से रुपये वसूलने के आरोप लगे हैैं।
इविवि प्रशासन ने संविदा पर कर्मचारी भर्ती के लिए टेंडर जारी किया था। लखनऊ की फर्म मेसर्स सन फैसिलिटी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड ने 209 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। नियुक्ति वॉक इन इंटरव्यू के लिए होनी थी। बैंक रोड स्थित इविवि के गेस्ट हाउस में इंटरव्यू की प्रक्रिया 25 मार्च से शुरू हुई, जो कि 28 मार्च तक चलनी थी। कंपनी ने भर्ती प्रक्रिया लक्ष्यदीप इंफो प्लेसमेंट, प्रॉपर्टी एंड एजुकेशन ग्रुप के जरिए शुरू कराई।
शनिवार को आवेदक जुटे थे। इसी बीच छात्रनेता अजय यादव सम्राट, मोहम्मद मसूद और राहुल पटेल ने वीडियो वायरल किया जिसमें पत्रिका चौराहा स्थित कंसल्टेंट कंपनी के कुलदीप शर्मा और एके मिश्र आवेदकों से नियुक्ति के लिए रुपये मांग रहे हैं। कंपनी के एके मिश्र वीडियो में दावा कर रहे हैं कि कॉपी और 25 हजार एडवांस रकम पहुंचाने के बाद ही लिस्ट लखनऊ भेजी जाएगी। प्रतिमाह एक हजार देना होगा। क्योंकि कुलपति और रजिस्ट्रार को दो करोड़ रुपये देकर टेंडर लिया है। वीडियो में कुलदीप शर्मा 99.9 फीसद नौकरी दिलाने का दावा कर रहे हैं।
उधर, साक्षात्कार देने पहुंचे अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ी तो सुरक्षाकर्मियों ने गेस्ट हाउस का गेट बंद कर दिया। इसके बाद कुछ ही लोगों को बुलाया जा रहा था तो आवेदकों ने विरोध शुरू कर दिया। अचानक कंपनी ने इंटरव्यू प्रक्रिया निरस्त कर दी। कंपनी प्रबंधन की तरफ से जारी सूचना में कहा गया कि कोविड-19 के चलते यह प्रक्रिया स्थगित की गई है।
वहीं इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि वीडियो और ऑडियो चीफ प्रॉक्टर को भेजकर आरोप लगाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर मेसर्स सन फैसिलिटी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रविकांत तिवारी का कहना है कि जो व्यक्ति वीडियो में बोल रहा है। वह कंपनी का व्यक्ति नहीं है। वीडियो के माध्यम से इविवि व कंपनी को बदनाम करने की साजिश हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
इनसेट…
खुद संविदा पर और ले रहे इंटरव्यू
संविदा पर होने वाली भर्ती में कुलपति के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) निखिल आनंद श्रीवास्तव भी इंटरव्यू पैनल में शामिल हैं। जबकि, खुद संविदा पर हैं। छात्रनेता अजय यादव की उनसे तीखी झड़प भी हुई। हालांकि, निखिल का कहना है कि वह इसमें शामिल नहीं हैं।



