सभी शिक्षण संस्थानों में चलेंगी सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले के सभी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, स्कूल, कोचिंग संस्थाओं और प्रशिक्षण संस्थाओं में शनिवार से केवल ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन होगा। अगले आदेश तक सभी शिक्षण संस्थाओं में ऑनलाइन व्यवस्था लागू रहेगी।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच जिलाधिकारी ने जारी की गाइडलाइन
जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार की देर रात यह गाइडलाइन जारी की है। गाइडलाइन में कहा गया है कि जिन शिक्षण संस्थानों में परीक्षाएं चल रही है। वह कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए संचालित की जाएंगी।
कोविड-19 में दोबारा आयी तेजी के बावजूद कई निजी और ट्रस्ट के अस्पताल नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। विभाग को इसकी शिकायत मिलने के बाद सीएमओ ने शुक्रवार को एक टीम का गठन कर अस्पतालों का निरीक्षण कराया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. तीरथलाल के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्राइवेट अस्पतालों का निरीक्षण किया। सभी को इस आशय का नोटिस दिया कि वे अपने यहां कोविड हेल्प डेस्क, फ्लू कार्नर में सर्दी जुकाम और इससे ज्यादा गंभीर मरीजों की कोविड जांच अवश्य कराएं। वहीं कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पुलिस ने भी चेकिग अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान बिना मास्क लगाए घरों से निकले 1700 से अधिक लोगों का चालान काटा गया।




