हाईकोर्ट नौ अप्रैल तक बंद विशेष पीठ करेगी महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर इलाहाबाद हाईकोर्ट और इसकी लखनऊ खंडपीठ पांच से नौ अप्रैल तक बंद रहेगा। कोर्ट में नियमित पीठ (रेगुलर बेंच) नहीं बैठेंगी।
नहीं खुलेंगे हाईकोर्ट स्थित अधिवक्ताओं के चैंबर
केवल महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई के लिए विशेष पीठ बैठेंगी। मुख्य न्यायाधीश ने यह निर्णय हाई कोर्ट के न्यायाधीशों की एडमिनिस्ट्रेटिव कमेटी से विचार करने के बाद लिया है। इस अवधि में केवल आवश्यक मामलों की सुनवाई के लिए विशेष बेंच बैठेंगी। अपराधिक मामलों जमानत अर्जी, अरेस्ट स्टे, बंदी प्रत्यक्षीकरण आदि मामलों की सुनवाई के लिए अर्जेंसी एप्लिकेशन की आवश्यकता नहीं होगी। जबकि सिविल के मामले में अर्जेंसी एप्लिकेशन की आवश्यकता होगी। अर्जेंसी एप्लिकेशन स्वीकार होने के बाद ही सिविल के मामले पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए भेजे जाएंगे।
हाई कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर नहीं खुलेंगे। परिसर में सबको फेस मास्क लगाने व शारीरिक दूरी मानक का पालन करने की अनिवार्यता रहेगी। न्यायमूर्तियों व अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित परिधान पहनने में अगले आदेश तक छूट रहेगी। वादकारियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एडवोकेट्स क्लर्क का भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर लगातार अपनी रफ्तार दिखा रही है। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 2967 नए रोगी मिले हैं। पिछले 24 घंटे में 16 मरीजों की इस बीमारी से मौत हो गई।


