हमें अपने गौरवशाली इतिहास और वीर पुरुषों को नहीं भूलना चाहिए- प्रमुख मोहन भागवत

( अनुराग शुक्ला )
हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज दुनिया भारत के जरिए राजा भगीरथ द्वारा दिखाए गए धर्म को जानने और समझने की कोशिश कर रही है। हमारे महापुरुषों ने पूरी दुनिया को सनातन धर्म की उत्कृष्टता और अलौकिकता का दर्शन कराया। आज के समय में दुनिया को इसकी आवश्यकता है। इसलिए हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम अपने आचरण, विचार और व्यवहार से दुनिया को सही रास्ता दिखाएं। साथ ही देश को विश्व गुरु बनाएं। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि दुनिया के कल्याण के लिए अपने प्रयासों को निरंतर बनाए रखें।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को हरिद्वार के कुंभ मेला क्षेत्र में प्रेम नगर आश्रम चौक और शंकराचार्य चौक के पास सतनाम साक्षी घाट, भारत माता, शौर्य स्मारक, अमरापुर घाट और दीप स्तंभ का अवलोकन व लोकार्पण किया। इसके बाद स्वामी सर्वानंद घाट पर गंगा पूजन के बाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश को धर्म, संस्कृति और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले अनेकों महापुरुष पैदा हुए, जिन्होंने अपने त्याग और बलिदान से पूरी दुनिया को प्रेरणा दी, राह दिखाई। इस देश का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा उठाया। अपने ज्ञान, तप, तेज, त्याग और बलिदान से देश को विश्व गुरु बनाया। उन्होंने कहा कि हमें अपने गौरवशाली इतिहास और वीर पुरुषों को नहीं भूलना चाहिए। उनको हमेशा याद और नमन करना चाहिए।




