Latest

लोक निर्माण विभाग ने चकर्ड प्लेट की सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया

मेला प्रशासन की ओर से फिलहाल अभी कोई काम शुरू नहीं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला बसाने को लेकर लोक निर्माण विभाग ने पुल के बाद चकर्ड प्लेट की सड़कों के निर्माण के लिए भी टेंडर जारी कर दिया है। मेला समय से संपन्न हो जाय, इसलिए टेंडर की प्रक्रिया पहले से की जा रही है। पिछले साल की तरह इस बार भी मेला पांच सेक्टर में बसाया जा सकता है। मेला क्षेत्र में मुख्य रूष से 16 सड़कें बनेगी। इसके अलावा हर सेक्टर में कई गाटा मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य में 1.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर की प्रक्रिया इसी महीने पूरी कर ली जाएगी। संगम तट पर जनवरी 2022 में माघ मेला लग जाएगा। मेला के लिए होने वाले इंतजाम दिसंबर तक पूरे करने होंगे।अभी से शुरू करेंगे तभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हो पाएगी। प्रशासन की ओर से फिलहाल अभी कोई काम शुरू नहीं लेकिन लोक निर्माण विभाग के मेला डिवीजन ने पहल शुरू कर दी है। मेला डिवीजन के अधिशासी अभियंता राम स्वरूप ने पिछले दिनों पांच पांटून पुल के लिए टेंडर जारी किया था। अब वहां पर सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

पुल और सड़क का टेंडर जारी किया गया

माघ मेला को पांच सेक्टर में बसाने के हिसाब से पुल और सड़क का टेंडर जारी किया गया है। इसमें अक्षयवट मार्ग, गंगोली शिवाला मार्ग, अरैल मार्ग, संकटमोचन मार्ग, रामानुज मार्ग, संगम अपर और लोअर मार्ग, समुद्रकूप, रामानंद मार्ग, जगदीश रैंप, आचार्ड बाड़ा, दंडी स्वामी, सुरसरि और सरस्वती मार्ग, अन्नपूर्णा मार्ग आदि मुख्य हैं। इसमें संगम लोअर मार्ग के निर्माण पर 15 लाख रुपये खर्च होंगे। जबकि अन्य सड़कों पर दो से नौ लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा पांच सेक्टर में बसाए गए मेले में दर्जनों गाटा मार्ग बनाए जाएंगे। इन सभी मार्ग के निर्माण पर 1.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कों के निर्माण के लिए 18 अक्टूबर तक आनलाइन टेंडर भरा जा सकता है। वहीं पांच पांटून पुलों के निर्माण पर 1.26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। माघ मेला के लिए सबसे बड़ा बजट लोक निर्माण विभाग का रहता है और सबसे पहले उन्हें काम पूरा करना होता है, इसलिए अभी से तैयारी शुरू कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button