निकिता शर्मा ने बीमारी से परेशान होकर खुद को गोली मारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आज नगर क्षेत्र में मालवीय नगर में मंगलवार दोपहर 30 वर्षीय निकिता शर्मा ने सिर दर्द से परेशान होकर खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से उसके परिवार में हड़कंप मच गया। मुट्ठीगंज पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से छानबीन कर अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस पता लगा रही है कि अवैध पिस्टल कहां से आई। एसपी सिटी ने कहा कि निकिता का पति जीतू हत्या के मामले में जेल जा चुका है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं निकिता के भाई यश ने हत्या का आरोप लगाया है। मुट्ठीगंज थानाक्षेत्र में मालवीय नगर निवासी दुकानदार जीतू शर्मा ने 13 वर्ष पहले जीरो रोड की निकिता श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। उसके कोई बच्चे नहीं है। बताया गया कि मंगलवार को निकिता सिर दर्द से परेशान थी। जीतू दवा लेने मेडिकल स्टोर पर गया था। इस दौरान घर में रखी पिस्टल से निकिता ने सिर में गोली मारकर जान दे दी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो निकिता खून से लथपथ मिली। सूचना मिलने पर एसपी सिटी दिनेश सिंह, थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंच गई। निकिता के मायके वाले भी आ गए। कुछ देर तक निकिता के मायके और ससुरालवालों के बीच नोकझोंक भी हुई। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



