माघ मेला के लिए सेना से मांगी जमीन, सफाई के लिए मेला प्राधिकरण ने जारी किया टेंडर

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेले के काम ने गति पकडऩी शुरू कर दी है। अगले वर्ष लगने वाले माघ मेला के लिए जिला प्रशासन ने सेना से जमीन की मांग की है। यह जमीन मार्च तक के लिए ली जाएगी। यहां पर इस बार कल्पवासियों को ही बसाया जाएगा। इस बार मेला क्षेत्र में चार पांटून पुलों का निर्माण होगा। दो पुल झूंसी की ओर जाने के लिए होंगे और दो पुल आने के लिए रखे जाएंगे।
सफाई के लिए मेला प्राधिकरण की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। परेड क्षेत्र व संगम तट पर स्वच्छता अभियान चलाकर जमीन समतलीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मेला प्रशासन ने दूसरे विभागों से प्रस्ताव मांगे हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक पांच पांटून पुलों का निर्माण कराया जाता था। इस बार मेले में संस्थाओं को कम किया जाएगा। ऐसे में एक पांटून पुल भी कम किया जाएगा।
पांटून पुलों के निर्माण का काम नवंबर के पहले हफ्ते में शुरू होगा। मेला के सेक्टरों को कम कर दिया गया है। चार सेक्टर में मेला रहेगा। जबकि क्षेत्रफल एक चौथाई ही रह जाएगा। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष आर रमेश कुमार का कहना है कि प्रस्ताव दिए जा रहे हैं। मेलाधिकारी विवेक चतुर्वेदी का कहना है कि जल्द ही काम गति पकड़ लेगा।




